केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए शनिवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया है. भोपाल में विधानसभा भवन पहुंचने से पहले उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेका और संतों का आशीर्वाद लिया. इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, दोनों डिप्टी सीएम समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे. वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार को लेकर पूछे गए सवाल पर कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने तीखा तंज कसा है.
ADVERTISEMENT
सीएम मोहन यादव ने जताई खुशी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हरदीप सिंह पुरी के नामांकन को मध्य प्रदेश के लिए दिवाली से पहले बड़ी सौगात बताया है. उन्होंने कहा कि पुरी के लंबे प्रशासनिक और संसदीय अनुभव का लाभ राज्य के विकास को मिलेगा. केंद्रीय मंत्री के रूप में उन्होंने पहले भी बीना रिफाइनरी, मेट्रो रेल, स्मार्ट सिटी और स्वच्छता अभियान जैसी कई सौगातें प्रदेश को दी हैं.
कांग्रेस प्रत्याशी पर क्या बोले कैलाश विजयवर्गीय?
नामांकन के दौरान जब कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से यह पूछा गया कि क्या कांग्रेस अपना उम्मीदवार उतारेगी, तो उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि "कांग्रेस को पता है कि नतीजे क्या होंगे, वे तो सिर्फ औपचारिकता के लिए आए हैं." वहीं, कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी और काले झंडे दिखाने के आरोपों पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि आरोप लगाना उनका काम है और जवाब देना हमारा.
चुनाव का पूरा शेड्यूल
- नामांकन की अंतिम तारीख: 2 नवंबर
- नाम वापसी की अंतिम तारीख: 5 नवंबर
- वोटिंग और नतीजे: 12 नवंबर
ADVERTISEMENT


