पत्नी की ज्यादा पूजा-पाठ से पति करने लगा नफरत, फिर उठाई कुल्हाड़ी और...मचा कोहराम !

गौरव जगताप

12 Oct 2026 (अपडेटेड: Oct 12 2026 2:11 PM)

पूजा-पाठ को लेकर छिड़ी तकरार का राजगढ़ में खौफनाक अंत हुआ. गुराड़खेड़ा गांव में धार्मिक विरोध के चलते पति रामबाबू गुर्जर ने कुल्हाड़ी से वार कर पत्नी गायत्रीबाई (36) की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद से ही आरोपी मौके से फरार है.

MP crime news
पूजा-पाठी पत्नी पर भड़के पति ने उठाया खौफनाक कदम. (तस्वीर: प्रतीकात्मक)
Google CTA

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में पारिवारिक विवाद के चलते हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. कोतवाली थाना क्षेत्र के गुराड़खेड़ा गांव में रामबाबू गुर्जर पर अपनी पत्नी गायत्रीबाई गुर्जर (36) की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या करने का आरोप है. बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच भगवान की पूजा-पाठ करने और त्योहार मनाने को लेकर अक्सर विवाद होता था. वारदात के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.

Read more!

पूजा-पाठ और त्योहारों को लेकर होता था विवाद

परिजनों के मुताबिक, गायत्रीबाई और उसके पति रामबाबू के बीच धार्मिक मान्यताओं को लेकर अक्सर कहासुनी होती थी. आरोप है कि रामबाबू पत्नी के पूजा-पाठ करने और भगवान को मानने पर आपत्ति जताता था. वह कथित तौर पर पत्नी से कहता था कि भगवान को मत मानो, भगवान ही सब कुछ नहीं हैं. बताया गया कि पति-पत्नी के बीच इस मुद्दे को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा था.  हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी. 

पिता से फोन पर कहा था- जल्दी आ जाओ, पति मार देगा

इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि गायत्रीबाई ने घटना से पहले ही अपने पिता से फोन पर जान का खतरा जताया था. मृतका के पिता के मुताबिक, बेटी ने उनसे कहा था, जल्दी आ जाओ, पति मार देगा. परिजनों के अनुसार, गायत्रीबाई को पहले से आशंका थी कि उसका पति उसके साथ कोई गंभीर वारदात कर सकता है.  हालांकि, पिता को फोन करने के बाद घटनाक्रम किस तरह आगे बढ़ा, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है.

पीठ पर तीन और गर्दन पर किया एक वार

शुरुआती जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे गायत्रीबाई पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया.  आरोप है कि रामबाबू ने महिला पर चार वार किए, जिनमें तीन वार पीठ पर और एक गर्दन पर किया गया. गंभीर चोटों के कारण गायत्रीबाई की मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.


FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, आरोपी की तलाश जारी

राजगढ़ कोतवाली थाना प्रभारी मंजू मखेनिया के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी रामबाबू गुर्जर की तलाश शुरू कर दी है. 
गुराड़खेड़ा गांव कोतवाली थाने से करीब 32 किलोमीटर दूर स्थित है. गांव राजस्थान की सीमा से लगभग आधा किलोमीटर की दूरी पर है.  ऐसे में आरोपी की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में भी जांच की जा रही है.

मृतका के दो बेटे, परिवार में पसरा मातम

पोस्टमार्टम के बाद गायत्रीबाई का शव उसके पिता को सौंप दिया गया. शनिवार शाम करीब 5:30 बजे शव जिला अस्पताल पहुंचा था. मृतका के दो बेटे हैं. बड़ा बेटा गब्बर 14 साल का है, जबकि छोटा बेटा धनराज 8 साल का है. मां की मौत और पिता पर हत्या के आरोप के बाद दोनों बच्चों के भविष्य को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं. फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है.

 

इसे भी पढ़े- आदिवासियों के लिए अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने पर 'शिवराज' ने किसको दे दी चेतावनी ?