'मुझे लोकसभा में बोलने नहीं दिया गया, चीन को जवाब देने का वक्त आया तो पीएम गायब', भोपाल में कांग्रेस की किसान चौपाल में बोले राहुल गांधी

Rahul Gandhi in Bhopal: भोपाल में आयोजित किसान महा चौपाल में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील और चीन मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला.

राहुल गांधी
राहुल गांधी

धर्मेंद्र साहू

follow google news

Rahul Gandhi in kisan Chaupal: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज कांग्रेस ने किसानों के मुद्दे पर बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया. किसान महा चौपाल के नाम से आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने किसानों को संबोधित किया. यह आयोजन भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते के विरोध में रखा गया है.

Read more!

सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने दावा किया कि उन्हें पहली बार लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के तौर पर बोलने से रोका गया. उन्होंने कहा कि मुझे अपनी बात तक रखने नहीं दिया गया.

राहुल गांधी ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल नरवणे की किताब का हवाला देते हुए चीन मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरा. उन्होंने कहा कि किताब में लिखा है कि जब चीन के टैंक भारतीय सीमा के भीतर आ रहे थे तब जनरल नरवणे ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से पूछा था कि उनका आदेश क्या है. राहुल का आरोप था कि जब जवाब देने का समय आया तब प्रधानमंत्री सामने नहीं आए.

ट्रेड डील पर सरकार को घेरा

राहुल गांधी ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि यह डील चार महीने तक इसलिए अटकी रही क्योंकि सरकार नहीं चाहती थी कि अमेरिका की बड़ी कंपनियां सोयाबीन, कपास, मक्का और दाल जैसी कृषि उपज भारत में बेचें. 

उनका आरोप है कि लोकसभा में भाषण के तुरंत बाद प्रधानमंत्री ने बिना कैबिनेट से चर्चा किए अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को फोन कर डील पर सहमति जता दीं. राहुल गांधी ने कहा कि इस बात का जिक्र खुद ट्रंप ने सोशल मीडिया पर किया था. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संसद से बाहर निकलने के बाद प्रधानमंत्री ने अगले दिन बहाना बनाया कि उन पर हमला होने वाला था, जबकि असल वजह संसद में जवाब देने से बचना था.

भोपाल में बड़ी तैयारियां

यह महा चौपाल जवाहर चौक पर आयोजित की गई. कार्यक्रम के लिए बड़े स्तर पर तैयारी की गई थी. दो विशाल डोम लगाए गए और करीब 250 नेताओं के बैठने के लिए बड़ा मंच तैयार किया गया. कांग्रेस नेताओं ने गांव-गांव जाकर किसानों को समझाया कि यह व्यापार समझौता उनके हितों के खिलाफ है. पार्टी का दावा है कि राज्यभर से लगभग 50 हजार किसान, युवा और कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में पहुंचे.

कई दिग्गज नेता रहे मौजूद

सभा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश, पवन खेड़ा, मध्य प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव समेत कई विधायक, राज्यसभा सांसद और प्रदेश के 71 जिलाध्यक्ष मौजूद रहे. कांग्रेस इस महा चौपाल के जरिए किसानों के मुद्दे को राष्ट्रीय बहस का केंद्र बनाने की कोशिश कर रही है. आने वाले समय में यह मुद्दा राजनीतिक रूप से कितना असर डालता है, इस पर सबकी नजर रहेगी.

ये भी पढ़ें: आईएएस पति को छोड़ 20 साल बड़े कांग्रेसी नेता से की थी शादी, अब सड़क पर आई सिखा सिंह, बयां कर रही

    follow google news