IAS Jagriti Awasthi: सरकारी अस्पताल में बेटे को जन्म देकर चर्चा में आईं IAS जागृति अवस्थी कौन? पति हैं भी IPS अधिकारी, जानिए उनकी पूरी कहानी

18 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 18 2026 1:16 PM)

IAS Jagriti Awasthi: यूपीएससी 2020 में ऑल इंडिया दूसरी रैंक हासिल करने वाली IAS अधिकारी जागृति अवस्थी एक बार फिर चर्चा में हैं. भोपाल की रहने वाली जागृति ने उत्तर प्रदेश के सोनभद्र स्थित सरकारी अस्पताल में बेटे को जन्म दिया है. उनके इस फैसले ने लोगों का ध्यान खींचा है. जानिए उनकी सफलता और संघर्ष की पूरी कहानी.

IAS जागृति अवस्थी ने सरकारी अस्पताल में बेटे को दिया जन्म
IAS जागृति अवस्थी ने सरकारी अस्पताल में बेटे को दिया जन्म
Google CTA

IAS Jagriti Awasthi: अक्सर यूपीएससी की तैयारी करने वाले युवाओं से पूछा जाता है कि वे IAS अधिकारी क्यों बनना चाहते हैं? इस सवाल का जवाब ज्यादातर लोग देश और आम जनता की सेवा करना बताते हैं. लेकिन कुछ अधिकारी अपने फैसलों से भी इस सोच को साबित करते हैं. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की रहने वाली IAS अधिकारी जागृति अवस्थी इन दिनों इसी वजह से चर्चा में हैं. उन्होंने अपने बच्चे के जन्म के लिए किसी बड़े प्राइवेट अस्पताल के बजाय उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के सरकारी अस्पताल को चुना. उनके इस फैसले ने लोगों का ध्यान खींचा है. आइए जानते हैं कौन हैं IAS जागृति अवस्थी और कैसा रहा है उनका यूपीएससी तक का सफर.

Read more!

सोनभद्र के सरकारी अस्पताल में दिया बेटे को जन्म

मूल रूप से भोपाल की रहने वाली IAS जागृति अवस्थी ने हाल ही में उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के सरकारी अस्पताल के एमसीएच विंग में एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया है. खास बात यह है कि उनके पति गौरव पांडे भी मध्य प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं. IAS और IPS अधिकारी दंपत्ति होने के बावजूद जागृति ने प्रसव के लिए सरकारी स्वास्थ्य संस्थान को चुना.

उनके इस फैसले को सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर भरोसे के तौर पर देखा जा रहा है. जागृति के बेटे के जन्म के बाद सोनभद्र के जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर नवजात को आशीर्वाद दिया और परिवार को शुभकामनाएं दीं.

कौन हैं IAS जागृति अवस्थी?

जागृति अवस्थी मूल रूप से मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की रहने वाली हैं. उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई से लेकर उच्च शिक्षा तक का सफर भोपाल में ही पूरा किया. उन्होंने मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MANIT), भोपाल से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है. इंजीनियरिंग के दौरान ही उन्होंने GATE परीक्षा में 51वीं रैंक हासिल की थी. इसके बाद उन्हें भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) समेत कई बड़ी कंपनियों से नौकरी के ऑफर मिले. उन्होंने BHEL में करीब दो साल तक नौकरी भी की. हालांकि, उनका सपना प्रशासनिक सेवा में जाने का था. इसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए उन्होंने अच्छी नौकरी छोड़कर यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी.

यह पढ़ें: 1 साल में 4 बार ट्रांसफर के बाद भड़की IAS नेहा मारव्या सिंह कौन हैं? 

परिवार ने भी जागृति के सपने के लिए किया बड़ा त्याग

जागृति अवस्थी की सफलता के पीछे उनके परिवार का भी अहम योगदान रहा है. उनके पिता सुरेश चंद्र अवस्थी होम्योपैथी के प्रोफेसर हैं, जबकि मां मधुरता अवस्थी पीटी टीचर हैं. जागृति की पढ़ाई में कोई बाधा न आए, इसके लिए परिवार ने कई सालों तक घर में टेलीविजन तक नहीं रखा था. उनकी मां ने भी बेटी की पढ़ाई में मदद करने के लिए अपनी नौकरी छोड़ दी थी.

UPSC में हासिल की ऑल इंडिया दूसरी रैंक

यूपीएससी के शुरुआती प्रयासों में कुछ असफलताओं का सामना करने के बाद जागृति ने अपनी तैयारी की रणनीति में बदलाव किया. साल 2020 की सिविल सेवा परीक्षा में उन्होंने समाजशास्त्र (Sociology) को वैकल्पिक विषय चुना और ऑल इंडिया दूसरी रैंक (AIR 2) हासिल की. उस साल महिला अभ्यर्थियों में वह पहले स्थान पर रही थीं. इस उपलब्धि के साथ उन्होंने अपने परिवार और मध्य प्रदेश का नाम रोशन किया. इंजीनियरिंग की नौकरी छोड़कर यूपीएससी में दूसरी रैंक हासिल करने तक का उनका सफर आज भी कई युवाओं के लिए प्रेरणा है. वहीं, अब सोनभद्र के सरकारी अस्पताल में बेटे को जन्म देने के फैसले ने उन्हें एक बार फिर चर्चा में ला दिया है.

यह भी पढ़ें: कौन हैं IAS नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, जो रात में संजय गांधी अस्पताल पहुंचे तो गंदगी देख भड़के और कर्मचारियों की लगा दी क्लास