इंदौर: 2015 में हुआ था कृष्णा का कत्ल, अब 11 साल बाद आरोपी ने खुद खोल दिया वारदात का राज, जानें पूरा मामला

MP News: इंदौर पुलिस ने 11 साल पुराने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है. 2015 में 17 साल के कृष्णा की लूट के बाद हत्या करने वाला मुख्य आरोपी अकील उर्फ नाइट्रा निकला, जो ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटर से छेड़छाड़ के मामले में भी जेल जा चुका है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

खजराना पुलिस को 11 साल पुराने केस में मिली बड़ी कामयाबी
खजराना पुलिस को 11 साल पुराने केस में मिली बड़ी कामयाबी
Google CTA

Aqeel Nitra Australian Woman Cricketer Molestation Case: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले की खजराना पुलिस ने 11 साल पुराने एक अनसुलझे (ब्लाइंड) मर्डर केस की गुत्थी सुलझाने में बड़ी सफलता हासिल की है. 2015 में 17 साल के नाबालिग छात्र की लूट के बाद चाकू मारकर की गई हत्या का मुख्य आरोपी कोई अनजान शख्स नहीं, बल्कि कुख्यात बदमाश अकील उर्फ नाइट्रा निकला. यह वही अकील है जो पिछले साल इंदौर आई ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटर से छेड़छाड़ करने के मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है.

Read more!

17 अप्रैल 2015 की वो खौफनाक रात

मामला 17 अप्रैल 2015 का है, जब इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र में खजराना बायपास के पास 17 साल के कृष्णा नाम के लड़के की लहूलुहान लाश मिली थी. उस वक्त कृष्णा अपनी मोटरसाइकिल पर जा रहा था, तभी अकील उर्फ नाइट्रा, आरिफ और परवेज नाम के तीन बदमाशों ने उससे लिफ्ट मांगी. कृष्णा ने इंसानियत के नाते उन्हें गाड़ी पर बैठा लिया, लेकिन तीनों बदमाश उसे खजराना बायपास के पास एक सुनसान मैदान में ले गए.

सोने के लॉकेट और चांदी की चेन के लिए चाकू से गोदा

पुलिस के मुताबिक, मैदान में आरोपियों ने नशा किया और फिर कृष्णा के साथ लूटपाट शुरू कर दी. आरोपी उसका सोने का लॉकेट, चांदी की चेन, पेंडल और नकदी छीनने लगे. जब 17 साल के कृष्णा ने इसका विरोध किया, तो अकील उर्फ नाइट्रा ने अपने पास रखे चाकू से उसके गले पर ताबड़तोड़ 4 वार कर दिए, जिससे कृष्णा की मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से आरोपियों ने कृष्णा की मोटरसाइकिल को आग लगाकर नष्ट कर दिया और फरार हो गए.

खात्मा रिपोर्ट से लेकर 11 साल बाद खुलासा तक

वारदात के बाद पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला था, जिसके चलते केस में खात्मा रिपोर्ट (फाइल बंद) लगा दी गई थी. हालांकि, 2019 में 'ऑपरेशन उजागर' के तहत पुराने अनसुलझे मामलों की दोबारा जांच शुरू हुई. हाल ही में अकील जमानत पर जेल से बाहर आया और उसका अपने पुराने साथी आरिफ से किसी बात पर विवाद हो गया. इस विवाद के दौरान अकील ने 11 साल पहले की गई इस हत्या का जिक्र कर दिया. मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की.

14 केस दर्ज हैं मुख्य आरोपी अकील पर

इंदौर पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि कड़ा मुकाबला और पूछताछ करने पर अकील और आरिफ ने 11 साल पुराना यह कत्ल कबूल कर लिया. वारदात में शामिल तीसरा आरोपी परवेज अब इस दुनिया में नहीं है (उसकी प्राकृतिक मृत्यु हो चुकी है). पुलिस ने अकील और आरिफ के पास से 2015 में लूटा गया सोने का लॉकेट और चांदी की चेन भी बरामद कर ली है. मुख्य आरोपी अकील उर्फ नाइट्रा पर हत्या, लूट और छेड़छाड़ समेत 14 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि आरिफ के खिलाफ 3 गंभीर मामले दर्ज हैं.

यह भी पढ़ें: CM मोहन यादव का बड़ा एक्शन, 7 अधिकारी-कर्मचारी सस्पेंड, जानिए क्यों लिया गया एक्शन?