मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन इस बार वजह काफी चिंताजनक है. शहर के प्रसिद्ध बाणेश्वर कुंड मंदिर परिसर से मारपीट का एक सनसनीखेज वीडियो सामने आया है. आरोप है कि मंदिर परिसर में आपत्तिजनक स्थिति में पाए जाने पर भीड़ ने एक युवक और युवती की जमकर पिटाई कर दी.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
घटना इंदौर के बीचों-बीच स्थित बाणेश्वर कुंड मंदिर की बताई जा रही है. मंदिर परिसर में मौजूद लोगों का दावा है कि उन्होंने एक युवक और युवती को अश्लील हरकतें करते हुए देखा. इस बात से वहां मौजूद भीड़ उग्र हो गई और दोनों को घेर लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भीड़ ने न केवल उनके साथ मारपीट की, बल्कि इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
नाबालिग बताए जा रहे हैं युवक-युवती
शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस घटना में शामिल युवतियां नाबालिग बताई जा रही हैं. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह लोग कानून अपने हाथ में लेकर उनके साथ मारपीट कर रहे हैं और कई लोग मूकदर्शक बनकर वीडियो बना रहे हैं. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद इस मामले ने तूल पकड़ लिया है.
पुलिस की कार्रवाई और बयान
इस पूरे घटनाक्रम पर जब MP Tak ने पुलिस से बात करने की कोशिश की, तो उन्होंने फिलहाल कुछ भी कहने से इनकार कर दिया. हालांकि, पुलिस सूत्रों के अनुसार, अभी तक युवक या युवती की ओर से किसी भी प्रकार की लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. शिकायत न होने की स्थिति में पुलिस ने उन्हें बिना किसी कानूनी कार्रवाई के छोड़ दिया है.
बढ़ती घटनाएं और सामाजिक सवाल
इंदौर के मंदिरों से इस तरह की तस्वीरें पहले भी सामने आ चुकी हैं, जहाँ युवक-युवतियों द्वारा मंदिर की मर्यादा भंग करने के आरोप लगते रहे हैं. ऐसे मामलों ने सामाजिक ताने-बाने और सार्वजनिक स्थानों पर नैतिकता को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है. वहीं, भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेकर मारपीट करने की घटना पर भी सवाल उठ रहे हैं.
ADVERTISEMENT


