Mp News: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के राऊ थाना क्षेत्र स्थित न्यू कमल नगर में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां शादी के महज 25 दिन बाद 22 वर्षीय नवविवाहिता वंदना पटेल की उसकी ही जेठानी पार्वती पटेल ने बेहद बेरहमी से हत्या कर दी. मामूली बात पर शुरू हुए विवाद में जेठानी ने देवरानी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए और इसके बाद साक्ष्य छिपाने की मंशा से शव को घर के पीछे बने पानी के हौज (टैंकी) में डालकर ऊपर से ढक्कन बंद कर दिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जेठानी को गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT
ताने से शुरू हुई तकरार और बन गई हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि विवाद की शुरुआत रक्षाबंधन के दिन हुई थी. मृतका वंदना ने अपनी जेठानी पार्वती से पूछा कि वह राखी बांधने अपने मायके क्यों नहीं गई. बातचीत के दौरान वंदना को जानकारी मिली कि पार्वती का भाई दुष्कर्म (रेप) के आरोप में दमोह जेल में बंद है. आरोप है कि इसके बाद वंदना ने पार्वती को इसी बात को लेकर ताने देने शुरू कर दिए. तानों का यह सिलसिला दिन-प्रतिदिन बढ़ता गया और दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि घर से निकालने तक की धमकियां दी जाने लगीं. इसी आक्रोश और रंजिश में जेठानी ने खौफनाक कदम उठाने का मन बना लिया.
चाकू से हमला कर हौज में फेंका शव, ऐसे हुआ खुलासा
मौका मिलते ही आरोपी जेठानी पार्वती ने वंदना पर चाकू से हमला कर दिया. पहला वार गर्दन पर किया गया, जिससे वंदना जमीन पर गिर पड़ी. इसके बाद आरोपी ने पेट में भी चाकू घोंप दिया. वंदना के बेसुध होने पर जेठानी ने उसके शव को घसीटकर घर के पीछे बने हौज में डाल दिया और ढक्कन बंद कर दिया ताकि किसी को शक न हो. वारदात के बाद आरोपी महिला अस्पताल चली गई. जब वंदना का फोन लगातार बंद आने लगा, तो उसके पति उपेंद्र पटेल को शक हुआ. घर पहुंचकर जब उसने हौज का ढक्कन हटाया तो अंदर वंदना का शव देखकर उसके होश उड़ गए.
पुलिस की जांच में फिंगरप्रिंट और सीसीटीवी फुटेज से खुली पोल
घटना की सूचना मिलते ही राऊ थाना पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंची. शुरुआती पूछताछ में आरोपी जेठानी पार्वती ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की वैज्ञानिक जांच के आगे उसकी चालाकी काम न आ सकी. वारदात में इस्तेमाल चाकू पर मिले फिंगरप्रिंट्स और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की, तो जेठानी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने मर्ग कायम कर आरोपी महिला के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है.
यह भी पढ़ें: सालों का प्यार, धूमधाम से शादी और फिर 25 दिन बाद पानी की टंकी में मिली वंदना, आखिर वहां कैसे पहुंची?
ADVERTISEMENT


