इंदौर में बेकाबू हाथी ने ऑटो चालक को पटककर कुचला, इलाज के दौरान मौत, गुड़ खिलाने गया था शख्स

गौरव जगताप

• 12:09 PM • 28 Jul 2026

इंदौर में एक मांगलिक कार्यक्रम के बाद सड़क पर घूम रहे हाथी को गुड़ खिलाने गए ऑटो चालक को बेकाबू हाथी ने सूंड से पटककर कुचल दिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

Indore में बीच सड़क हाथी ने शख्स को पैरों से कुचला,
Indore में बीच सड़क हाथी ने शख्स को पैरों से कुचला,
Google CTA

मध्य प्रदेश के इंदौर शहर से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है. शहर के चंदन नगर थाना क्षेत्र (राजनगर पुलिस चौकी के पास) में एक हाथी अचानक बेकाबू हो गया और उसने पास जाकर गुड़ खिला रहे 49 वर्षीय ऑटो चालक को अपनी सूंड से उठाकर जमीन पर दे मारा. इसके बाद हाथी ने शख्स के ऊपर भारी पैर रख दिया. हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए ऑटो चालक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

Read more!

गुड़ खिलाने गया था ऑटो चालक, अचानक हुआ हमला

मृतक की पहचान 49 वर्षीय विजय उर्फ लक्ष्मण राव होलकर के रूप में हुई है, जो पेशे से ऑटो ड्राइवर थे. शनिवार शाम करीब 4:30 बजे वह राजनगर पुलिस चौकी के पास से गुजर रहे थे. इसी दौरान सड़क पर महावत के साथ घूम रहे हाथी को देखकर विजय उसे प्यार से गुड़ खिलाने लगे. वहां मौजूद लोगों को लगा कि यह एक सामान्य घटना है, लेकिन अचानक हाथी बेकाबू हो गया. हाथी ने विजय को सूंड में लपेटकर सड़क पर दे पटका और उस पर पैर रख दिया. इस दर्दनाक दृश्य को देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

इलाज के दौरान तोड़ा दम

घटना के बाद महावत और स्थानीय लोगों ने मशक्कत के बाद विजय को हाथी के चंगुल से छुड़ाया. उन्हें तुरंत जिला अस्पताल और फिर वर्मा यूनियन अस्पताल ले जाया गया, जहां शनिवार शाम करीब 7:30 बजे इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई. मृतक के परिवार में 10वीं कक्षा में पढ़ने वाला एक बेटा है.

मांगलिक कार्यक्रम के लिए उज्जैन से लाया गया था हाथी

पुलिस के अनुसार, हाथी को उज्जैन से इंदौर के अग्रसेन नगर में आयोजित जैन समाज के एक मांगलिक कार्यक्रम के लिए लाया गया था. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद महावत हाथी को इलाके में घुमाकर भिक्षावृत्ति (खर्चा-पानी एकत्र) कर रहा था.

मामले की जानकारी देते हुए चंदन नगर थाना पुलिस ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है. पुलिस इस मामले में महावत के खिलाफ आईपीसी (IPC) की धारा 304A के तहत कानूनी कार्रवाई कर रही है. साथ ही घटना की जानकारी वन विभाग को भी दे दी गई है.

घनी आबादी वाले इलाकों में सुरक्षा पर उठे सवाल

इंदौर में हाथी के हमले की यह पहली घटना नहीं है; इससे पहले भी शीतला माता बाजार और पाटनीपुरा जैसे व्यस्त इलाकों में ऐसे हादसे हो चुके हैं. यह हादसा एक बड़ा सवाल खड़ा करता है कि क्या घनी आबादी वाली शहरी सड़कों पर इस तरह विशालकाय और जंगली स्वभाव वाले जानवरों को घुमाना सुरक्षित है?

ये भी पढ़ें: दतिया उपचुनाव में दामोदर यादव ने मुकाबला त्रिकोणीय बना दिया लेकिन कांग्रेस क्यों परेशान?