इंदौर के नशा मुक्ति केंद्र की दीवार फांदकर 70 से ज्यादा मरीज फरार, सामने आया Video

गौरव जगताप

• 06:26 PM • 31 Oct 2026

इंदौर के पहचान नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती सचिन लोधी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद अफरा-तफरी मच गई. इस दौरान 70 से अधिक मरीज केंद्र का ताला और बाउंड्रीवॉल फांदकर फरार हो गए. परिजनों ने केंद्र प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं. पुलिस मामले की जांच के साथ फरार मरीजों की तलाश कर रही है.

नशा मुक्ति केंद्र में युवक की मौत, 70 मरीज फरार
फरार होते मरीजों की तस्वीर
Google CTA

इंदौर शहर के रावजी बाजार थाना क्षेत्र स्थित पहचान नशा मुक्ति केंद्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हड़कंप मच गया. यहां भर्ती सचिन लोधी ने वॉशरूम में गलत कदम उठा लिया. उसे तत्काल एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद केंद्र में अफरा-तफरी फैल गई. इसी दौरान इलाज करा रहे 70 से अधिक मरीज मुख्य गेट का ताला और बाउंड्रीवॉल फांदकर फरार हो गए. पुलिस फरार मरीजों की तलाश में जुटी है. 

Read more!

एक घंटे तक वॉशरूम से बाहर नहीं आया सचिन

जानकारी के मुताबिक, सचिन लोधी सुबह नहाने का कहकर वॉशरूम में गया था. करीब एक घंटे तक जब वह बाहर नहीं आया, तो सिक्योरिटी गार्ड को संदेह हुआ. इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया, जहां सचिन फंदे पर लटका मिला. केंद्र प्रबंधन उसे तत्काल एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक के जीजा केशव लोधी के मुताबिक, सचिन को करीब एक महीने तीन दिन पहले नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था.  घटना वाली सुबह ही परिजनों ने केंद्र में पैसे जमा किए थे. इसके कुछ देर बाद ही उन्हें सचिन की मौत की सूचना मिली. परिजनों ने केंद्र प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं. 

अफरा-तफरी के बीच 70 से ज्यादा मरीज फरार

युवक की मौत के बाद केंद्र में मची अफरा-तफरी के बीच 70 से अधिक मरीज वहां से फरार हो गए. बताया जा रहा है कि मरीज मुख्य गेट का ताला और बाउंड्रीवॉल फांदकर बाहर निकले. इस घटना के बाद केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. रावजी बाजार थाना प्रभारी मनीष मिश्र के मुताबिक, पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. वहीं, फरार हुए मरीजों की तलाश की जा रही है और उनके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है. 

इनपुट- धर्मेंद्र कुमार शर्मा, इंदौर संवाददाता 

यह खबर भी पढ़े :  हरदीप सिंह पुरी के नामांकन के बीच कांग्रेस प्रत्याशी को लेकर कैलाश विजयवर्गीय ने क्या कहा ?