MP News: मध्य प्रदेश के इंदौर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. कनाड़िया इलाके के चेतन नगर की रहने वाली एक महिला पिछले 3 साल से अपने लिव-इन पार्टनर की प्रताड़ना से परेशान थी. वह उसकी शिकायत करने महिला थाने जा रही थी, लेकिन थाने पहुंचने से पहले ही पलासिया चौराहे पर उसके पार्टनर ने रास्ता रोक लिया और धारदार हथियार से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया. शहर के सबसे व्यस्त पलासिया चौराहे पर दिनदहाड़े हुई इस वारदात से हड़कंप मच गया.
ADVERTISEMENT
हमले के बाद आरोपी ने खुद का भी रेता गला
महिला थाने शिकायत दर्ज कराने जा रही युवती पर अचानक हुए इस हमले से चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई. आरोपी ने महिला का गला रेतने के बाद उसी धारदार हथियार से अपनी गर्दन पर भी वार कर खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की. देखते ही देखते दोनों बीच सड़क पर लहूलुहान हालत में गिर पड़े, जिससे राहगीरों के रोंगटे खड़े हो गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई.
3 साल से लिव-इन में रह रहे थे दोनों, चल रहा था विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता और आरोपी पिछले करीब 3 साल से लिव-इन रिलेशनशिप में साथ रह रहे थे. हालांकि, पिछले कुछ समय से दोनों के रिश्ते में काफी तनाव और विवाद चल रहा था. महिला का आरोप था कि उसका लिव-इन पार्टनर उसे लगातार प्रताड़ित और परेशान कर रहा था. इसी प्रताड़ना से तंग आकर महिला शुक्रवार को हिम्मत जुटाकर महिला थाने में एफआईआर दर्ज कराने के लिए निकली थी.
महिला की हालत खतरे से बाहर, आरोपी पुलिस कस्टडी में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और खून से लथपथ दोनों घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों के अनुसार, समय पर इलाज मिलने की वजह से महिला की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है. आरोपी को अस्पताल से छुट्टी मिलते ही पुलिस ने अभिरक्षा में लेकर औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का कहना है कि महिला के पूरी तरह होश में आने और बयान दर्ज कराने के बाद मामले की पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी.
ADVERTISEMENT


