इंदौर शहर में ट्रैफिक के दबाव को कम करने के लिए बनाए जा रहे 'रिंग रोड एक्सटेंशन-2' (RE-2) मार्ग के निर्माण में आ रही बाधाओं को आखिरकार हटा दिया गया है. बंगाली चौराहे से पीपल्याहाना के बीच करीब 55 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह महत्वपूर्ण सड़क पिछले तीन साल से महज 1 किलोमीटर के हिस्से के कारण अधूरी पड़ी हुई थी. तड़के नगर निगम, जिला प्रशासन और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बिचौली कांकड़, शिव नगर और शिव दर्शन नगर में पोकलेन और जेसीबी मशीनों के साथ बाधक निर्माणों को हटाने की बड़ी कार्रवाई शुरू की गई.
ADVERTISEMENT
कोर्ट का स्टे हटते ही जमींदोज किए गए 80 से ज्यादा निर्माण
RE-2 सड़क के रास्ते में आने वाली कुल 7 बस्तियों में से अधिकांश परिवारों को पहले ही 'प्रधानमंत्री आवास योजना' के नीलगिरि परिसर में शिफ्ट किया जा चुका था. हालांकि, कोर्ट के स्टे आदेश के कारण 22 मकानों पर कार्रवाई रुकी हुई थी. अदालत का फैसला आते ही प्रशासन ने नोटिस जारी कर 22 मकानों और 58 अवैध झोपड़ों समेत 80 से अधिक बाधक ढांचों को जमींदोज कर दिया. इसके साथ ही शिव नगर के 117 और शिव दर्शन नगर के 72 परिवारों को नीलगिरि परिसर में शिफ्ट करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है.
कार्रवाई के दौरान तनाव, उपद्रवियों ने किया पथराव
कार्रवाई के दौरान अपने आशियाने टूटते देख स्थानीय लोगों का विरोध बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया. कार्रवाई खत्म होने के वक्त कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस और प्रशासनिक टीम पर अचानक पथराव शुरू कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और हल्का बल प्रयोग करते हुए उपद्रवियों को दौड़ा-दौड़ाकर खदेड़ा.
3 महिलाओं समेत 9 हिरासत में, ट्रैफिक को मिलेगी राहत
पुलिस ने मौके से पत्थरबाजी और उपद्रव करने वाले 9 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें 3 महिलाएं भी शामिल हैं. पूरे क्षेत्र में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.
मार्ग से सभी बाधाएं हटने के बाद अब नगर निगम सड़क के बचे हुए 1 किलोमीटर हिस्से का निर्माण कार्य तेजी से शुरू करने जा रहा है. इस मार्ग के पूरी तरह बनने से भूरी टेकरी, पीपल्याहाना, बंगाली चौराहा और नायता मुंडला आरटीओ क्षेत्र को बेहतर वैकल्पिक कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे इंदौर के मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा. हालांकि, आशियाने छिन जाने के कारण प्रभावित परिवारों में भारी नाराजगी भी देखी जा रही है.
ADVERTISEMENT


