मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में सड़क पर दबंगई का एक सनसनीखेज वीडियो सामने आया है. एक मामूली सड़क हादसे के बाद बाइक सवार युवक ने न केवल कार सवार दंपत्ति के साथ अभद्रता की, बल्कि डंडा दिखाकर उन्हें डराया-धमकाया और जबरन पैसे भी वसूल लिए. कार के अंदर बैठे छोटे बच्चे और उनके माता-पिता मदद के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन युवक का गुस्सा शांत नहीं हुआ. फिलहाल इस पूरे मामले का वीडियो भी सामने आया है. आइए विस्तार से जानते है मामले की पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
शादी के कार्ड बांटने आया था परिवार
घटना इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र के छोटा बांगड़दा इलाके की है. उज्जैन के नागदा का रहने वाला एक परिवार अपनी कार से इंदौर आया हुआ था. परिवार यहां अपनी एक रिश्तेदारी में शादी के कार्ड बांटने के लिए निकला था. इसी दौरान उनकी कार की टक्कर एक बाइक सवार से हो गई. हालांकि हादसा बहुत मामूली था, लेकिन इसके बाद बाइक सवार ने सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू कर दिया.
'साथ में बच्चे हैं भैया...', कार के अंदर से चीखता रहा परिवार
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि बाइक सवार युवक कार के आगे अड़ा हुआ है और हाथ में डंडा लिए हुए है. कार के अंदर से पति और पत्नी लगातार गुहार लगा रहे हैं कि 'भैया, साथ में बच्चे हैं, जाने दो.' महिला बार-बार कह रही है कि 'हमें टक्कर का पता ही नहीं चला.' लेकिन आरोपी युवक डंडा दिखाते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा था. इस दौरान आरोपी ने दंपत्ति से डरा-धमकाकर करीब 3000 रुपये भी वसूल लिए.
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बताया 'मानसिक रूप से विक्षिप्त'
वीडियो वायरल होने के बाद एरोड्रम थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई. जांच के दौरान आरोपी की पहचान 48 वर्षीय मंगल शर्मा के रूप में हुई है. पुलिस का कहना है कि मंगल शर्मा की मानसिक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं है और वह पहले से ही परेशान चल रहा था. टक्कर के बाद वह उत्तेजित हो गया और उसने इस तरह की हरकत को अंजाम दिया. पुलिस ने दंपत्ति की शिकायत और वीडियो के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है.
सुरक्षा पर उठे सवाल
दिनदहाड़े सड़क पर हुई इस गुंडागर्दी ने इंदौर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. उज्जैन से आए इस परिवार के लिए खुशी का मौका खौफ में बदल गया. फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है, लेकिन यह घटना बताती है कि सड़क पर मामूली विवाद किस तरह जानलेवा साबित हो सकते हैं.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


