इंदौर के साउथ तोड़ा इलाके (वार्ड क्रमांक 60) में नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी मुहिम के दौरान अचानक स्थिति बेकाबू हो गई. नदी और नाले के किनारे किए गए अवैध निर्माणों को ढहाने पहुंची निगम और प्रशासन की टीम का स्थानीय लोगों ने भारी विरोध किया. इस दौरान भीड़ को समझाने पहुंचे एडिशनल डीसीपी (ADCP) दिशेश अग्रवाल को एक युवक ने जोरदार धक्का दे दिया, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े.
ADVERTISEMENT
पुलिस अधिकारियों के साथ हुई बदसलूकी और धक्का-मुक्की के बाद मौके पर तनाव फैल गया. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक समेत करीब 6 उपद्रवियों को हिरासत में ले लिया है.
5 जेसीबी और 3 पोकलैंड के साथ पहुंची थी टीम
नगर निगम की टीम बुधवार सुबह साउथ तोड़ा क्षेत्र में एक बड़े अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत पहुंची थी. कार्रवाई के निशाने पर नदी से 30 मीटर के दायरे में और नाले के ऊपर बने अवैध निर्माण थे. निगम अधिकारियों के अनुसार, इस मुहिम में करीब 50 अवैध दुकानों/कारखानों और 12 से 13 मकानों को जमींदोज करने का लक्ष्य रखा गया था. कार्रवाई के लिए मौके पर 5 जेसीबी मशीनें, 3 पोकलैंड, 100 से अधिक निगम कर्मचारी और सुरक्षा के लिहाज से 80 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे. मौके पर एसडीएम और तहसीलदार समेत आला अधिकारी भी मौजूद थे.
नोटिस देने के बावजूद नहीं हटाया था कब्ज़ा
नगर निगम (जोन क्रमांक 11) के अधिकारियों ने बताया कि ये निर्माण एनजीटी (NGT) के नियमों का उल्लंघन कर नदी और नाले के कैचमेंट एरिया में बनाए गए थे. निगम प्रशासन की ओर से बीते 3 महीनों से यह कार्रवाई प्रक्रियाधीन थी. अतिक्रमणकारियों को पूर्व में ही नोटिस जारी कर सुनवाई की गई थी और 15 दिन का समय देकर अवैध निर्माण खुद हटाने का आदेश दिया गया था. जब तय समयसीमा में अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की.
पुलिस बल ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति संभाली
अतिक्रमण हटाए जाने से नाराज स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए और निगम अधिकारियों व पुलिस टीम के साथ हाथापाई करने लगे. इसी दौरान धक्का-मुक्की में एडिशनल डीसीपी जमीन पर गिर गए, जबकि एक अन्य अधिकारी पर भी हाथ उठाने की कोशिश की गई. पुलिस कर्मियों ने तुरंत हरकत में आते हुए आरोपी युवकों को पकड़ा और पुलिस वैन में बैठाकर थाने ले गई. तनाव बढ़ता देख मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया गया. इंदौर नगर निगम का कहना है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने की यह मुहिम रुकने वाली नहीं है और अवैध निर्माणों पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
ये भी पढ़ें: MP: 65 साल के किसान की पीठ पर सवार हुए पटवारी! वीडियो वायरल हुआ तो पता चली जूतों वाली कहानी, SDM ने दिए जांच के आदेश
ADVERTISEMENT


