क्या Gen Z से ज्यादा जागरूक है Gen Alpha? मध्य प्रदेश में अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतर रहे स्कूली छात्र, जानें क्या है उनकी मांग

न्यूज तक डेस्क

• 09:13 AM • 20 Aug 2026

मध्य प्रदेश में सुविधाओं की कमी और मनमाने फैसलों के विरोध में 'Gen Alpha' (स्कूली छात्र) बड़े पैमाने पर सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं. छिंदवाड़ा, विदिशा और उज्जैन में हुए इन छात्रों के विरोध प्रदर्शनों के बाद प्रशासन को झुकते हुए किराए में कटौती और स्कूल मर्जर जैसे फैसले वापस लेने पड़े हैं.

मध्य प्रदेश में सड़क पर उतरें Gen Alpha
मध्य प्रदेश में सड़क पर उतरें Gen Alpha
Google CTA

डिजिटल युग में बड़ी हो रही नई पीढ़ी यानी 'Gen Alpha' (जेन अल्फा) अपने अधिकारों को लेकर पहले की पीढ़ियों की तुलना में काफी सतर्क और जागरूक नजर आ रही है. मध्य प्रदेश में सामने आई हालिया घटनाओं से यह साफ हो गया है कि आज के स्कूली छात्र खराब व्यवस्था, सड़कों की बदहाली, स्कूल के खाने में गड़बड़ी या मनमाने बस किराए को चुपचाप सहने के मूड में बिल्कुल नहीं हैं.

Read more!

मध्य प्रदेश में Gen Alpha के प्रमुख प्रदर्शन

छिंदवाड़ा (पहला प्रोटेस्ट): छिंदवाड़ा में छात्रों ने हॉस्टल में मिलने वाले खराब खाने के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया, जिसके बाद प्रशासन को एक्शन लेना पड़ा. 

विदिशा (बस किराया विवाद): प्राइवेट बस ऑपरेटरों द्वारा बस किराया बढ़ाए जाने पर छात्र सड़कों पर उतर आए. वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और बढ़ा हुआ किराया वापस लेना पड़ा. 

उज्जैन (स्कूल मर्जर का विरोध): सराफा कन्या विद्यालय के सांदीपनी विद्यालय में मर्जर के फैसले के खिलाफ छात्राओं ने प्रदर्शन किया, जिसके चलते सरकार को अपना फैसला बदलना पड़ा.

झाबुआ (कलेक्टर ऑफिस के बाहर छात्राओं की मांग): स्कूल की समस्याओं को लेकर झाबुआ में छात्राओं ने निडर होकर अपनी बात रखी, जिसमें एक छात्रा का "हमें एक बार कलेक्टर बना दो" वाला बयान सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ. 

क्यों ज्यादा एक्टिव और जागरूक है यह पीढ़ी?

विशेषज्ञों और वरिष्ठ पत्रकारों के अनुसार, Gen Alpha इतिहास की पहली ऐसी जनरेशन है जो पूरी तरह से स्मार्टफोन, हाई-स्पीड इंटरनेट और सोशल मीडिया के दौर में पली-बढ़ी है.

डिजिटल अवेयरनेस: यूट्यूब और इंस्टाग्राम जैसे माध्यमों से बच्चों को नागरिक अधिकारों, सरकारी नियमों और स्कूल प्रशासन की जिम्मेदारियों की जानकारी बेहद कम उम्र में ही मिल जाती है. 

आत्मविश्वास और निडरता: इस जनरेशन के बच्चों में गजब का आत्मविश्वास है और वे बिना किसी राजनीति या डर के अपनी बात मजबूती से रखना जानते हैं. 

सोशल मीडिया की ताकत: अपनी समस्याओं के वीडियो बनाकर तुरंत वायरल करने और अधिकारियों का ध्यान खींचने की कला में यह पीढ़ी काफी माहिर है. 

मध्य प्रदेश की ये घटनाएं संकेत देती हैं कि आने वाला भविष्य जागरूक नागरिकों का है. हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि बच्चों के इस आत्मविश्वास को सही दिशा देने के साथ-साथ मर्यादा और अनुशासन का मार्गदर्शन भी जरूरी है. 

ये भी पढ़ें: जनसुनवाई में Dog बनकर पहुंचा पढ़ा-लिखा युवक, कलेक्टर के सामने भौंक कर करने लगा फरियाद !