Bargi Dam Accident Jabalpur: मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में शुक्रवार को एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया, जहां सैलानियों से भरा एक क्रूज नर्मदा नदी की लहरों में समा गया. इस हादसे की सबसे हृदयविदारक तस्वीर तब सामने आई जब रेस्क्यू टीम ने एक मां और उसके मासूम बेटे का शव बरामद किया. मां की ममता की इस आखिरी निशानी को देखकर वहां मौजूद मंत्री और अधिकारी भी अपने आंसू नहीं रोक पाए.
ADVERTISEMENT
खुद की लाइफ जैकेट बेटे को दी
हादसे के वक्त की जो जानकारी सामने आ रही है वह रोंगटे खड़े कर देने वाली है. बताया जा रहा है कि जब क्रूज डूबने लगा तो एक मां ने अपने बच्चे को बचाने के लिए अपनी ही लाइफ जैकेट उसे पहना दी थी. वह आखिरी सांस तक अपने कलेजे के टुकड़े को बचाने की कोशिश करती रही लेकिन बदकिस्मती से वह खुद बाहर नहीं निकल पाई और अंदर ही फंस गई. रेस्क्यू के दौरान जब दोनों के शव एक साथ निकाले गए तो वहां मौजूद हर शख्स भावुक हो गया.
पर्यटन मंत्री ने दिए जांच के आदेश
हादसे की सूचना मिलते ही पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे. मां-बेटे के शवों को देखकर मंत्री जी भी भावुक हो गए और कुछ कहने की स्थिति में नहीं रहे. उन्होंने बताया कि जिस कैटामारन टेक्नोलॉजी पर यह क्रूज बना था, उसके डूबने की संभावना न के बराबर होती है. ऐसे में यह हादसा कैसे हुआ, यह गंभीर जांच का विषय है
मंत्री ने प्रदेश के अन्य जलराशियों (भोपाल, ओंकारेश्वर, हनुवंतिया टापू) में चल रहे क्रूज की फिटनेस जांच के निर्देश दिए हैं. जब तक सुरक्षा ऑडिट पूरा नहीं हो जाता, तब तक क्रूज संचालन पर रोक लगाने की बात कही गई है.
अब तक का अपडेट
- सवार लोग: क्रूज में करीब 29 से 30 लोग सवार थे.
- मृतक: इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है.
- रेस्क्यू: 22 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है.
- बचाव कार्य: सेना और राहत दलों का सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है.
यह हादसा पर्यटन विभाग के सुरक्षा दावों पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है. फिलहाल पूरे इलाके में मातम का माहौल है.
ADVERTISEMENT


