झोली फैलाई, फूट-फूटकर रोईं... फिर कलेक्टर के पैरों में गिर पड़ीं मां-बेटी, जबलपुर का VIDEO कर देगा भावुक, जानें पूरा मामला

Jabalpur News : मध्य प्रदेश के जबलपुर कलेक्टरेट में न्याय के लिए भटक रही एक बेबस मां और उसकी बेटी अचानक कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के पैरों पर गिर पड़ीं. पिछले 4 साल से इलाके के दबंगों की प्रताड़ना झेल रही इस मां ने रोते हुए अपनी बेटी की अस्मत और सुरक्षा की गुहार लगाई, जिसके बाद पूरे दफ्तर में सन्नाटा पसर गया.

कलेक्टर के पैरों में गिरकर फूट-फूटकर रोई मां-बेटी,
कलेक्टर के पैरों में गिरकर फूट-फूटकर रोई मां-बेटी,

धीरज शाह

follow google news

Jabalpur Maa Beti Viral Video : मध्य प्रदेश के जबलपुर कलेक्टरेट परिसर से एक बेहद भावुक करने वाली तस्वीर सामने आई है. यहां जिला कलेक्टरेट की जनसुनवाई के दौरान उस वक्त भारी हंगामा मच गया जब न्याय की मांग लेकर पहुंची एक बेबस मां और उसकी मासूम बेटी अचानक कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के पैरों में गिर पड़ीं. रोती-बिलखती और गिड़गिड़ाती मां-बेटी को इस हाल में देखकर वहां मौजूद अधिकारी और आम लोग दंग रह गए. कलेक्टर ने तुरंत संवेदनशीलता दिखाते हुए दोनों को उठाया, ढांढस बंधाया और उनकी पूरी आपबीती सुनी. क्या है पूरा मामला चलिए जानते हैं इस खबर में...

Read more!

4 साल से पुलिस के चक्कर काट रही है पीड़ित

महिला कलेक्टर के सामने फूट-फूटकर रोते हुए पीड़िता ने बताया कि वह पिछले 4 साल से दबंगों से परेशान है. वह अपनी जवान बेटी की सुरक्षा और अस्मत को लेकर लगातार पुलिस अधिकारियों और थानों के चक्कर काट रही है, लेकिन घमापुर थाना पुलिस उसकी कोई सुनवाई नहीं कर रही है. महिला की दर्दभरी दास्तान सुनकर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह भी गंभीर हो गए और उन्होंने तुरंत एक्शन लेने का मन बनाया.

साल 2022 में बेटी को बहला-फुसलाकर ले गए थे आरोपी

पीड़ित महिला  के मुताबिक, उनके पड़ोस में रहने वाले दबंग हनीबेन और उसका परिवार उन्हें लंबे समय से प्रताड़ित कर रहा है. साल 2022 में आरोपियों ने उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया था. काफी खोजबीन और पुलिस शिकायत के बाद दो दिन बाद बेटी को सागर से बरामद किया गया था. उस समय पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई की थी, लेकिन जेल से जमानत पर छूटने के बाद आरोपियों के हौसले और बुलंद हो गए हैं.

'केस वापस लो नहीं तो...' पति को पीटा, थाने में भी दी गालियां

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी पक्ष अब उन पर लगातार कोर्ट से केस वापस लेने का दबाव बना रहा है. आरोपियों का कहना है कि उनके बच्चे यूपीएससी (UPSC) की तैयारी कर रहे हैं, इसलिए वे केस वापस कराना चाहते हैं. केस वापस न लेने पर आरोपियों ने पीड़ित महिला के पति के साथ रास्ते में रोककर बेरहमी से मारपीट की. हद तो तब हो गई जब थाने के भीतर भी पुलिस के सामने आरोपियों ने पीड़ित परिवार और उनकी बेटी को भद्दी-भद्दी गालियां दीं, लेकिन पुलिस तमाशबीन बनी रही. पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि एसपी ऑफिस से उन्हें सुरक्षा के लिए सीसीटीवी (CCTV) फुटेज तक देने से मना कर दिया गया.

बैठक के लिए निकल रहे कलेक्टर को रोका, अब कार्रवाई की आस

मंगलवार को जब कलेक्टर राघवेंद्र सिंह जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत के साथ एक जरूरी बैठक के लिए निकल रहे थे, तभी इस बेबस मां-बेटी ने उन्हें बीच रास्ते में ही रोक लिया. बेटी कलेक्टर के सामने घुटनों के बल बैठ गई और सुरक्षा की भीख मांगने लगी. मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल घमापुर थाना प्रभारी को फोन लगाकर आरोपियों के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. कलेक्टर के इस कड़े रुख के बाद अब पीड़ित परिवार को उम्मीद बंधी है कि शायद 4 साल बाद उन्हें न्याय मिल सकेगा.

यह भी पढ़ें: BJP नेता को फ्री में नहीं मिली शराब तो सेल्समैन पर चढ़ा दी स्कॉर्पियो, रौंगटे खड़े करने वाला वीडियो आया समाने

    follow google news