मध्य प्रदेश में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है, लेकिन केंद्रीय मंत्री और गुना-शिवपुरी सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया भीषण गर्मी के बावजूद अपने क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं. हाल ही में शिवपुरी के पिछोर में एक कार्यक्रम के दौरान सिंधिया का एक अनोखा अंदाज देखने को मिला, जहां उन्होंने मंच से जनता को लू और गर्मी से बचने का पारंपरिक नुस्खा बताया.
ADVERTISEMENT
कुर्ते की जेब से निकाला प्याज
संबोधन के दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अचानक अपने कुर्ते की जेब से एक प्याज निकाला और जनता को दिखाया. उन्होंने कहा, 'पॉकेट में प्याज ले जाओ, कुछ नहीं होने वाला तुमको.' सिंधिया ने आयुर्वेद और पुरानी परंपराओं का हवाला देते हुए कहा कि आधुनिक युग में भले ही सब 'डिब्बे' (मोबाइल) लेकर घूम रहे हों, लेकिन वे साथ में प्याज लेकर चलते हैं क्योंकि यह लू से बचने का रामबाण इलाज है.
'मेरी गाड़ी में एसी नहीं चलता'
सिंधिया ने अपनी फिटनेस और गर्मी झेलने की क्षमता का राज खोलते हुए कहा कि वे भीषण गर्मी में भी एयर कंडीशनर (AC) का उपयोग नहीं करते हैं. उन्होंने कहा, 'ना मेरी गाड़ी में एसी चलता है, ना मैं एसी के वातावरण में बैठता हूं. मुझे जितना पसीना टपकता है, उतना ही मजा आता है.' उन्होंने इसे 'चंबल की चमड़ी' करार देते हुए कहा कि 51 डिग्री की गर्मी में भी वे पसीना बहाने के लिए तैयार रहते हैं.
'जवान दिखता हूं पर आत्मा बूढ़ी है'
मंच से चुटकी लेते हुए सिंधिया ने यह भी कहा, 'मैं थोड़ा जवान दिखता हूं पर मेरी आत्मा बड़ी बूढ़ी है.' उनका इशारा पुरानी परंपराओं और जमीन से जुड़े रहने की ओर था. उन्होंने कहा कि सिंधिया परिवार हमेशा से जनता और जमीन के साथ जुड़ा रहा है. इस दौरान उन्होंने मंच पर मौजूद एक बुजुर्ग की जेब में भी प्याज देखकर खुशी जताई.
हीट वेव के बीच जनता के बीच डटे सिंधिया
ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में इन दिनों भीषण गर्मी और हीट वेव का अलर्ट है. ऐसे में सिंधिया लगातार जनसभाएं कर रहे हैं, नवीन तहसील भवनों का उद्घाटन कर रहे हैं और लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं. सिंधिया का यह 'प्याज वाला वीडियो' सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है, जिसे लोग उनके जमीनी जुड़ाव से जोड़कर देख रहे हैं.
यहां देखें वीडियो
'बच्चे हैं भैया, छोड़ दो...' इंदौर की सड़क पर दबंगई, दंपत्ति को बीच सड़क पर धमकाने का वीडियो वायरल!
ADVERTISEMENT


