Kailash Vijayvargiya Viral Video: मध्य प्रदेश की राजनीति में अपने बेबाक और अक्सर विवादित बयानों के लिए चर्चा में रहने वाले भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय एक बार फिर बड़ी मुश्किल में घिरते नजर आ रहे हैं. इस बार वे अपनी ही पार्टी की एक महिला पार्षद के शरीर की बनावट पर सार्वजनिक मंच से कथित टिप्पणी करके विवादों के घेरे में आ गए हैं. उनका यह कथित बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इस पर सियासी घमासान शुरू हो गया है.
ADVERTISEMENT
विकास कार्यों के लोकार्पण मंच से आया बयान
पूरा मामला मध्य प्रदेश के इंदौर का है. रविवार को वार्ड नंबर 6 में करीब 7 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण कार्यक्रम रखा गया था. इसमें मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे थे. इसी दौरान वार्ड नंबर 5 की बीजेपी की एक महिला पार्षद जब पोडियम की ओर आ रही थीं, तो कैलाश विजयवर्गीय ने माइक संभालते हुए मंच से उनकी शारीरिक बनावट को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी.
कांग्रेस ने बोला हमला, बताया निंदनीय
मंत्री जी का यह बयान कैमरे में कैद हो गया और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा. वीडियो सामने आने के बाद मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पर जोरदार हमला बोला है. कांग्रेस नेताओं ने इसे महिला सम्मान से जोड़ते हुए सत्ताधारी दल के चाल, चरित्र और चेहरे पर सवाल खड़े किए हैं.
कांग्रेस प्रवक्ता ने बयान जारी करते हुए कहा कि सार्वजनिक मंच से एक प्रदेश के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री द्वारा अपनी ही महिला पार्षद के शरीर की बनावट का उपहास उड़ाना बेहद निंदनीय है. बीजेपी एक तरफ महिला सम्मान का ढिंढोरा पीटती है, वहीं दूसरी तरफ उसके शीर्ष नेता महिलाओं की शारीरिक बनावट पर तंज कसते हैं. यह बीजेपी के नेताओं की असल मानसिकता और परंपरा को उजागर करता है.
बयानों से पुराना नाता, इंदौर में गरमाई सियासत
यह पहला मौका नहीं है जब कैलाश विजयवर्गीय अपने बयानों के चलते बैकफुट पर आए हों. इससे पहले भी कई मौकों पर उनके दिए गए बयान विवाद का कारण बने हैं. हाल ही में उनका 'घंटा' वाला बयान भी खूब चर्चा में रहा था. अब महिला पार्षद पर की गई इस टिप्पणी के बाद इंदौर की राजनीति में पारा चढ़ गया है.
फिलहाल कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर बीजेपी और कैलाश विजयवर्गीय से सार्वजनिक माफी की मांग कर रही है, जबकि बीजेपी खेमे में इस बयान को लेकर खामोशी छाई हुई है. अब देखना यह होगा कि इस नए वायरल वीडियो और सियासी हमले पर बीजेपी और मंत्री जी की तरफ से क्या सफाई आती है.
यह भी पढ़ें: इंदौर में राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के बयानों पर मचा घमासान, जानें किन दावों पर उठे सवाल?
ADVERTISEMENT


