MP: एक्सिडेंट में घायल राहुल बर्मन को अस्पताल लाई एंबुलेंस, फिर ड्राइवर ने उनकी पत्नी से करवाया ये काम, वीडियो वायरल हुआ तो मचा बवाल

Katni Viral Video Ambulance Driver Controversy: मध्य प्रदेश के कटनी से सामने आए एक वायरल वीडियो ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आरोप है कि 108 एंबुलेंस ड्राइवर ने मरीज की पत्नी से गाड़ी साफ करवाई और पैसे भी लिए. घटना के बाद प्रशासन हरकत में आया है और जांच शुरू कर दी गई है.

Katni Viral Video Ambulance Driver Controversy
Katni Viral Video Ambulance Driver Controversy

अमर ताम्रकर

follow google news

Katni 108 Ambulance Case: मध्य प्रदेश के कटनी जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने स्वास्थ्य सेवाओं और इंसानियत दोनों को कटघरे में खड़ा कर दिया है. दरअसल, यहां के जिला अस्पताल परिसर से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी वायरल हो रहा है. दावा है कि इसमें एक 108 एंबुलेंस का ड्राइवर एक महिला से गाड़ी गंदी होने पर उसको धुलवाता हुए नजर आ रहा है. आरोप है कि इस दौरान उसने पेशेंट को लेकर जाने के बदले महिला से पैसे भी लिए. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद अब मामले में कटनी जिला अस्पताल के सिविल सर्जन ने ड्राइवर एंबुलेंस को नोटिस जारी कर उसको जवाब तलब किया है.

Read more!

जानिए क्या है पूरा मामला?

दरअसल, कटनी के करेला गांव के पास 32 साल के राहुल बर्मन का एक्सीडेंट हो गया था. इस हादसे में राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इसके बाद इलाज के लिए उन्हें 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल लेकर जाया गया. इस दौरान अस्पताल में शुरुआती इलाज के बाद डॉक्टरों ने राहुल की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर कर दिया. आरोप है कि इसी दौरान एंबुलेंस कर्मचारी ने अपनी संवेदनशीलता खो दी और घायल के परिजनों के साथ अमानवीय व्यवहार करना शुरू कर दिया,जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

एंबुलेंस धोने को मजबूर हुई घायल की पत्नी

वायरल वीडियो में दिख रहा है कि एक महिला परिजन एंबुलेंस को धोती नजर आ रही है, जबकि मौके पर मौजूद कर्मचारी खड़ा होकर ये सब होता देख रहा है. घटना को लेकर जब घायल शख्स की पत्नी प्रमिला बर्मन से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने एंबुलेंस ड्राइवर की तरफ इशारा करते हुए बताया कि उसी के कहने पर वो गाड़ी साफ कर रही हैं. बताया जा रहा है कि एंबुलेंस में मरीज को उल्टी हो गई थी जिसके बाद कर्मचारी ने परिजनों से ही सफाई करवाई. इतना ही नहीं वीडियो में ये भी दावा किया गया है कि मरीज को लाने के बदले परिजनों से पैसे भी लिए गए हैं.

सिविल सर्जन ने ड्राइवर को थमाया नोटिस

इस पूरे मामले का वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है. कटनी जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉक्टर यशवंत वर्मा ने इस घटना को संज्ञान में लिया है. उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर 108 एंबुलेंस के प्रभारी और संबंधित ड्राइवर को नोटिस जारी कर दिया गया है. विभाग ने एक हफ्ते के भीतर इस पूरे मामले पर जवाब मांगा है. सिविल सर्जन ने कहा कि  संतोषजनक जवाब न मिलने पर कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. वहीं  स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर काफी गुस्सा है और वे सोशल मीडिया पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें: 'तुम्हें चूहा मारने वाला दवाई नहीं मिल रहा'... मुरैना में नाबालिग बेटी का अपने ही माता-पिता को रास्ते से हटाने का पूरा प्लान हो गया वायरल

    follow google news