Khandwa Jansunwai Dog Mask Protest: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले की कलेक्टर जनसुनवाई में उस समय अजीबोगरीब और हैरान कर देने वाला नजारा देखने को मिला, जब एक शख्स इंसानी कपड़ों में कुत्ते का मुखौटा (मास्क) पहनकर अपनी फरियाद लेकर सीधे अधिकारियों के सामने पहुंच गया. शहर में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक और उनके बधियाकरण (नसबंदी) के नाम पर हुए कथित करोड़ों के भ्रष्टाचार के खिलाफ यह बेहद अनोखा विरोध प्रदर्शन किया गया.
ADVERTISEMENT
जनसुनवाई के गेट पर पुलिस से तीखी बहस
नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष दीपक राठौर के साथ जब कुत्ते का मुखौटा पहना शख्स जनसुनवाई हॉल के दरवाजे पर पहुंचा, तो ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया. इस बात पर नेता प्रतिपक्ष और पुलिस के बीच काफी देर तक तीखी बहस हुई. काफी मशक्कत और हंगामे के बाद अधिकारियों के दखल से दोनों को जनसुनवाई कक्ष में जाने की अनुमति मिली.
नसबंदी के बावजूद कुत्ते को हुए 6 बच्चे!
जनसुनवाई में पहुंचे नेता प्रतिपक्ष दीपक राठौर ने अधिकारियों के सामने आरोपों की झड़ी लगा दी. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 4 वर्षों में खंडवा नगर निगम ने कुत्तों की नसबंदी के नाम पर करीब ₹40 लाख खर्च कर दिए, लेकिन धरातल पर कोई काम नहीं हुआ. उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, "नसबंदी के दावों की हवा तो तब निकल गई, जब नसबंदी कराए जाने के बावजूद एक कुत्ता छह बच्चों का बाप बन गया."
उन्होंने यह भी आंकड़ा पेश किया कि शहर में अब तक 13,225 लोग डॉग बाइट (कुत्तों के काटने) का शिकार हो चुके हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि एक ही फर्जी कंपनी को बार-बार टेंडर देकर नगर निगम जनता के पैसे का गबन कर रही है.
एडीएम ने दिए जांच कमेटी गठित करने के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल कलेक्टर (एडीएम) कांशीराम बड़ोले ने शिकायत सुनी और बताया कि नागरिकों ने बधियाकरण के नाम पर ₹40 लाख के बिल निकालने और धरातल पर काम न होने की गंभीर शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने आश्वस्त किया कि इस संबंध में नगर निगम आयुक्त से बात की गई है और आरोपों की जांच के लिए एक विशेष कमेटी गठित की जाएगी, जिसके आधार पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई होगी.
यह भी पढ़ें: Video: इंदौर में देखते ही देखते फटने लगी सड़क और दरारों से फूटा पानी का फव्वारा, ये देख घबराए लोग
ADVERTISEMENT


