Khargone News: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने सबको झकझोर कर रख दिया है. कसरावद क्षेत्र के एक घर में जहां शादी की शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा है. हल्दी की रस्म के दौरान एक दुल्हन की तबीयत ऐसी बिगड़ी कि अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई. आशंका जताई जा रही है कि बाजार में मिलने वाली मिलावटी और केमिकल युक्त हल्दी इस मौत की वजह बनी है.
ADVERTISEMENT
हल्दी लगते ही सूज गया चेहरा
परिजनों के अनुसार, घर में ढोलक की थाप पर हल्दी की रस्म चल रही थी. जैसे ही महिलाओं ने दुल्हन को हल्दी लगाई, कुछ ही मिनटों बाद उसके शरीर पर लाल चकत्ते उभरने लगे. देखते ही देखते दुल्हन का चेहरा और होंठ सूज गए और उसे सांस लेने में भारी तकलीफ होने लगी. परिवार उसे तुरंत खरगोन जिला अस्पताल ले गया, जहां से उसे इंदौर के एमवाई (MY) अस्पताल रेफर कर दिया गया.
इलाज के दौरान तोड़ा दम
एमवाई अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद परिवार उसे बेहतर सुविधा के लिए निजी अस्पताल ले जा रहा था. इसी बीच रास्ते में ही दुल्हन ने दम तोड़ दिया. डॉक्टरों के अनुसार, यह 'ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस' या इम्यून सिस्टम पर अचानक हुए हमले का मामला हो सकता है, जो अक्सर खतरनाक केमिकल की वजह से होता है.
बताया जा रहा है कि परिजनों ने बाजार से सस्ती और खुली हल्दी खरीदी थी. हल्दी मेंं इस स्तर की मिलावट देख लोगों के होश फाख्ता हो गए हैं. इधर दुल्हन के घर पर जहां ढोलकर की थाप और संगीत था अब वहीं मातम है.
प्रशासन की कार्रवाई और डॉक्टरों की चेतावनी
घटना के बाद खाद्य विभाग सक्रिय हो गया है. कसरावद, खरगोन और बड़वाह क्षेत्र में चार अलग-अलग दुकानों से हल्दी के सैंपल लिए गए हैं, जिनकी रिपोर्ट 14 दिनों में आएगी. एमवाई अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अशोक यादव ने बताया कि बाजार में बिकने वाली खुली हल्दी में रंग चमकाने के लिए 'मेटाल येलो' जैसे खतरनाक सिंथेटिक केमिकल मिलाए जाते हैं, जो जानलेवा साबित हो सकते हैं.
खाद्य विभाग की अपील
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे खुली और सस्ती हल्दी खरीदने से बचें. हमेशा भरोसेमंद ब्रांड की या फिर खड़ी हल्दी (गांठ वाली) लेकर ही इस्तेमाल करें, ताकि मिलावट के इस जहर से बचा जा सके.
MP: रायसेन की रीना का दो लड़कों के साथ था चक्कर, इसलिए एक की हत्या कर बोरी में भर दी लाश, लेकिन....
ADVERTISEMENT


