Satyendra Soni Film Shooting Vivad: मध्य प्रदेश के मैहर जिले से फिल्म जगत के एक उभरते हुए कलाकार के साथ बदसलूकी और प्रताड़ना का बड़ा मामला सामने आया है. हाल ही में आई सुपरहिट फिल्म लापता लेडीज से अपनी पहचान बनाने वाले अभिनेता सत्येंद्र सोनी ने सोशल मीडिया पर आंखों में आंसू लेकर एक वीडियो जारी किया है. इस वीडियो में उन्होंने फिल्म के प्रोड्यूसर और डायरेक्टर पर गंभीर आरोप लगाए हैं. अभिनेता सत्येंद्र सोनी ने कहा कि उन्हें फिल्म 'पेड पालकी' की शूटिंग के लिए मध्य प्रदेश के मैहर बुलाया गया था. उन्होंने वहां लगातार आठ दिनों तक पूरी लगन के साथ काम किया. सत्येंद्र के मुताबिक, शुरुआत में उन्हें केवल पांच हजार रुपये साइनिंग अमाउंट के तौर पर दिए गए थे और कहा गया था कि बाकी का भुगतान शूटिंग के दौरान किया जाएगा. लेकिन जब आठ दिन बाद उन्होंने अपने पैसे मांगे, तो डायरेक्टर पुष्पेंद्र सिंह ने उनका पैकअप कर दिया और पैसे देने से साफ मना कर दिया.
ADVERTISEMENT
होटल से निकालने और जान से मारने की धमकी
सत्येंद्र सोनी ने रोते हुए बताया कि पैसे मांगने पर उन्हें होटल से तुरंत बाहर निकल जाने के लिए कहा गया. इतना ही नहीं, उन्हें मानसिक रूप से बुरी तरह प्रताड़ित किया गया और जान से मारने की धमकियां भी दी गईं. इस घटनाक्रम के बाद अभिनेता खुद को बेहद असुरक्षित महसूस कर रहे थे और गहरे मानसिक तनाव में आ गए थे, जिसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए देश के सामने अपनी पीड़ा रखी.
मैहर पुलिस ने तुरंत की बड़ी कार्रवाई
जैसे ही अभिनेता सत्येंद्र सोनी का यह भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, मैहर पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई. पुलिस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए सत्येंद्र सोनी और उनके साथ मौजूद दो अन्य साथी कलाकारों, श्रीधर दुबे और पंकज शर्मा को सुरक्षित तरीके से अपनी सुरक्षा में लिया. पुलिस ने तीनों कलाकारों को सकुशल मैहर रेलवे स्टेशन पहुंचाया और वहां से मुंबई के लिए रवाना किया.
मुंबई पहुंचकर कलाकारों ने जताया आभार
मुंबई पहुंचने के बाद सत्येंद्र सोनी ने अपने साथी कलाकारों के साथ मिलकर एक और वीडियो जारी किया. इस वीडियो में उन्होंने सुरक्षित घर पहुंचने की जानकारी दी और संकट के समय में मदद करने के लिए मैहर पुलिस का दिल से आभार व्यक्त किया. उन्होंने विशेष रूप से मैहर एसपी अवधेश प्रसाद सिंह, कोतवाली टीआई अनिमेश द्विवेदी, पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा और आशुतोष राणा सहित उन सभी लोगों का धन्यवाद किया, जिन्होंने मानसिक तनाव के इस दौर में उनका हौसला बनाए रखा.
पुलिस का इस पूरे मामले पर क्या है कहना
इस पूरे घटनाक्रम पर मैहर पुलिस का कहना है कि कलाकारों और फिल्म से जुड़े लोगों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद की स्थिति बनी थी. दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था जहां उनका आपस में राजीनामा हो गया था. इसके बाद कलाकार सुरक्षित रूप से वापस जाना चाहते थे, इसलिए पुलिस ने उनकी मदद की. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है. यदि एक्टर की ओर से कोई लिखित शिकायत मिलती है, तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT


