Dewas News: देवास की पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट से 3 की मौत, बम स्क्वाड की जांच में हैरान करने वाला खुलासा

देवास के टोकला में पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट में 3 मजदूरों की मौत और कई घायल. बम स्क्वाड की जांच में क्षमता से अधिक बारूद और भारी लापरवाही का खुलासा हुआ है.

NewsTak
पटाखा फैक्ट्री की जांच करने पहुंचा बम स्क्वॉड.

शकील खान

follow google news

मध्य प्रदेश के देवास जिले के ग्राम टोकला में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में आज दोपहर एक भीषण विस्फोट हुआ. इस दर्दनाक हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.

Read more!

बम स्क्वाड का बड़ा खुलासा 

हादसे की गंभीरता को देखते हुए उज्जैन से बम स्क्वाड (BDS) की टीम को मौके पर बुलाया गया. जांच का नेतृत्व कर रहे दिनेश यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में फैक्ट्री के अंदर भारी मात्रा में 'लो एक्सप्लोसिव' (पटाखों में इस्तेमाल होने वाला बारूद) पाया गया है. उन्होंने संकेत दिया कि हाईवे के नजदीक और रिहायशी क्षेत्र के पास इतनी बड़ी मात्रा में बारूद का स्टॉक नहीं होना चाहिए था. 

लापरवाही और लाइसेंस का खेल 

पुलिस प्रशासन के अनुसार, फैक्ट्री का संचालन अनिल मालवीय (निवासी पीपल रवा) द्वारा किया जा रहा था. संचालक के पास 15-15 किलोग्राम क्षमता के निर्माण लाइसेंस और 500 किलोग्राम के दो स्टॉक लाइसेंस थे. हालांकि, मौके के हालात और विस्फोट की तीव्रता को देखते हुए यह माना जा रहा है कि फैक्ट्री में निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक बारूद डंप किया गया था.

विस्फोट का कारण 

बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में काम के दौरान बारूद से निकली एक चिंगारी ने भीषण आग का रूप ले लिया, जिससे पूरी फैक्ट्री धमाकों की गूंज से दहल उठी. प्रशासन अब संचालक के राजनीतिक संबंधों और लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन की बारीकी से जांच कर रहा है.

बरगी क्रूज हादसे में बड़ा खुलासा: पर्यटन विभाग को पहले ही दी गई थी इंजन खराबी की चेतावनी, मैकल रिसॉर्ट ने 4 बार भेजे थे लेटर
 


 

    follow google news