Madhya Pradesh Panchayat Chunav: एमपी में समय से पहले हो सकते हैं पंचायत चुनाव? मोहन सरकार ने शुरू की बड़ी तैयारी

आकांक्षा ठाकुर

• 12:31 PM • 24 Oct 2026

मध्य प्रदेश में समय से दो-तीन महीने पहले पंचायत चुनाव कराए जाने के कयास तेज हो गए हैं, जिसके लिए मोहन सरकार नियमों में बड़े बदलाव कर आगामी अप्रैल-मई 2027 में चुनाव कराने की तैयारी में जुटी है.

MP Panchayat Chunav
MP Panchayat Chunav
Google CTA

मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है. राज्य में प्रस्तावित पंचायत चुनाव तय समय से कुछ महीने पहले कराए जा सकते हैं. पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के एक हालिया बयान के बाद इन अटकलों को और हवा मिल गई है, जिससे यह साफ संकेत मिलता है कि सरकार ने चुनावी तैयारियां अंदरखाने शुरू कर दी हैं.

Read more!

पंचायत राज व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी

बालाघाट में एक सभा को संबोधित करते हुए पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने बड़ा ऐलान किया. उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत के अधिकार अब पंचायत समितियों को दिए जाएंगे और सरकार नवंबर तक इस नई व्यवस्था को लागू करने की तैयारी में है. इसके अलावा, चुनाव से ठीक पहले पंचायत राज नियमों में बदलाव किया जाएगा और इन बदलावों के एक महीने के भीतर आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा. नियमों में बदलाव की प्रक्रिया फिलहाल तेजी से चल रही है.

समय से दो-तीन महीने पहले हो सकते हैं चुनाव

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में पिछले नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव साल 2022 के जून-जुलाई में हुए थे. इस हिसाब से आगामी चुनाव साल 2027 के मध्य में होने थे, लेकिन मंत्री के संकेतों के मुताबिक सरकार कार्यकाल पूरा होने से एक-दो महीने पहले ही चुनाव कराने की योजना बना रही है. ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि जून-जुलाई के बजाय ये चुनाव अप्रैल-मई 2027 में संपन्न कराए जा सकते हैं, ताकि नई पंचायतों को समय पर कार्यभार सौंपा जा सके.

राजनीतिक दलों के लिए क्यों अहम हैं ये चुनाव?

मध्य प्रदेश में 52 जिला पंचायतें, 313 जनपद पंचायतें और 23,000 से अधिक ग्राम पंचायतें हैं. चूंकि राज्य में अगले विधानसभा चुनाव साल 2028 में होने हैं, ऐसे में ठीक एक साल पहले यानी 2027 में होने वाले इन स्थानीय चुनावों को राजनीतिक रूप से 'सेमीफाइनल' या लिटमस टेस्ट माना जा रहा है. यही वजह है कि बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही दलों के लिए इन चुनावों में अपनी पकड़ मजबूत रखना बेहद अहम होगा. 

ये भी पढ़ें: 117 साल पुराने ऐतिहासिक 'एडवर्ड विला' को लीज पर देने की तैयारी कर रही एमपी सरकार.