MP Weather 19 July: मध्य प्रदेश में 19 जुलाई 2026 को मॉनसून पूरी तरह से मेहरबान है. लेकिन ट्विस्ट ये है कि राज्य के दोनों हिस्सों यानी पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में मौसम का मिजाज बिल्कुल अलग-अलग रहने वाला है. किसी इलाके में तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश होने वाली है तो कहीं बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बूंदाबांदी से ही संतोष करना पड़ेगा. ऐसे में आईए समझते हैं कि आखिर 19 जुलाई को आपके शहर और जिले में मौसम का क्या हाल होने वाला है.
ADVERTISEMENT
पूर्वी मध्य प्रदेश
मौसम विभाग ने पूर्वी मध्य प्रदेश के जिलों के लिए 'हैवी रेन' का अलर्ट जारी किया है. इस इलाके में मॉनसूनी हवाएं बहुत ज्यादा एक्टिव हैं, जिससे झमाझम बारिश का दौर जारी रहेगा. जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मण्डला, बालाघाट, डिंडोरी और शहडोल, उमरिया, अनूपपुर जिलों में 19 जुलाई को दिनभर बादल छाए रहेंगे. इन जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की पूरी संभावना है. कुछ इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है.
इसके अलावा रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज के साथ-साथ सागर, दमोह, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी मॉनसून का अच्छा असर दिखेगा. यहां कई जगहों पर भारी बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं (आंधी) चल सकती हैं.
पश्चिमी मध्य प्रदेश
अगर बात करें पश्चिमी हिस्से की तो यहां बारिश का जोर पूर्वी हिस्से के मुकाबले थोड़ा कम रहेगा. आईएमडी के मुताबिक, यहां 'स्कैटरड रेन' यानी बिखरी हुई या रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. लेकिन ध्यान रहे, आंधी और बिजली चमकने का खतरा यहाँ भी बना हुआ है.
भोपाल और नर्मदापुरम संभाग: राजधानी भोपाल, सीहोर, रायसेन, राजगढ़, विदिशा और नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल जिलों में मौसम सुहाना बना रहेगा. दिन में धूप-छांव का खेल चलेगा और शाम होते-होते गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. तेज हवाओं के चलते गर्मी से राहत मिलेगी.
इंदौर और उज्जैन संभाग: इंदौर, धार, अलीराजपुर, झाबुआ, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, बड़वानी और उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, रतलाम, मंदसौर, नीमच में मौसम मिलाजुला रहेगा. कुछ जगहों पर अचानक तेज हवाओं के साथ बिजली कड़क सकती है और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
ग्वालियर और चंबल संभाग: ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, दतिया और भिंड, मुरैना, श्योपुर कलां में उमस के बाद अचानक तेज आंधी जैसी स्थिति बन सकती है. हवा की रफ्तार 50 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे कुछ समय के लिए मौसम पूरी तरह बदल जाएगा.
मौसम विभाग (IMD) की जरूरी चेतावनी
मौसम वैज्ञानिकों ने साफ कहा है कि चाहे बारिश कम हो या ज्यादा, 19 जुलाई को पूरे मध्य प्रदेश में 'थंडरस्टॉर्म एंड लाइटनिंग' (गरज-चमक और वज्रपात) का असर देखने को मिलेगा. 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं कमजोर निर्माणों या कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा सकती हैं. इसलिए, जब भी आसमान में बिजली कड़के, तुरंत किसी पक्के मकान या सुरक्षित जगह की शरण लें.
ये भी पढ़ें: मध्य प्रदेश: नरवर किले से 400 साल पुरानी ऐतिहासिक तोप चोरी, शिवपुरी का हैरान करने वाला मामला, जांच में जुटी पुलिस
ADVERTISEMENT


