MP Weather Update: 2 मई को मध्य प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम? 30 से ज्यादा जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में 2 मई को साइक्लोनिक सर्कुलेशन के सक्रिय होने से 30 से ज्यादा जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

MP Weather Update
MP Weather Update

न्यूज तक डेस्क

follow google news

MP Weather Update 2 May: मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. मई महीने की शुरुआत के साथ ही प्रदेश के कई हिस्सों में झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम विभाग ने 2 मई 2026 को प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में आंधी, चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई है.

Read more!

साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन का असर

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वर्तमान में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है और प्रदेश से होकर एक ट्रफ लाइन गुजर रही है. इसके प्रभाव से नमी आ रही है जिससे उत्तर और पूर्वी मध्य प्रदेश के जिलों में मौसम का मिजाज बदल गया है. 2 मई को भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, कटनी, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया और डिंडोरी में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं.

कहीं बारिश से राहत तो कहीं गर्मी का सितम

प्रदेश में मौसम का दोहरा रूप देखने को मिल रहा है. जहां एक ओर ग्वालियर, चंबल और बुंदेलखंड संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी है, वहीं पश्चिमी और दक्षिणी मध्य प्रदेश के इंदौर, उज्जैन और खरगोन जैसे इलाकों में अभी भी भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा. यहां तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है. भोपाल में भी मौसम मिला-जुला रहेगा; दिन में तेज धूप के बाद शाम को बादलों की आवाजाही से तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है.

सावधानी बरतने की सलाह

तेज आंधी और धूल भरी हवाओं के कारण शिवपुर और सतना जैसे इलाकों में पिछले दिनों कुछ नुकसान की खबरें भी आई हैं. मौसम विभाग ने लोगों को आंधी के समय पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है. साथ ही, गर्मी और अचानक बदलते मौसम के कारण स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है, इसलिए अधिक से अधिक पानी पीने और लू से बचने के लिए एहतियात बरतने को कहा गया है.

ये भी पढ़ें: जबलपुर बरगी डैम हादसा: क्या सिर्फ 40KM की रफ्तार वाली हवा ने डुबोया क्रूज? सामने आई ये बड़ी लापरवाही

    follow google news