Dating App से मिले, शादी का वादा किया फिर... भोपाल के सेप्टिक टैंक में मिले शव की मिस्ट्री हुई सॉल्व, जानें पूरा मामला

रवीशपाल सिंह

• 12:54 PM • 14 Feb 2026

Bhopal Box Murder Case: भोपाल में लोहे की पेटी में युवती का शव मिलने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए बताया कि 22 साल के मिसबाह की उसके लिव-इन पार्टनर ने गला घोंटकर हत्या की थी.

मध्य प्रदेश से आया दिल दहला देने वाला मामला
मध्य प्रदेश से आया दिल दहला देने वाला मामला
Google CTA

Bhopal Box Murder Case: भोपाल से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां लोहे की पेटी में बंद एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने इस मामले की जांच में तेजी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर इस मर्डर मिस्ट्री से पर्दा उठा दिया. जांच में खुलासा हुआ कि युवती की गला दबाकर हत्या की गई थी और शव को पेटी में बंद कर सेप्टिक टैंक में फेंक दिया गया था.

Read more!

मृतका की पहचान 22 साल की मिसबाह के रूप में हुई है जो गोंदिया की रहने वाली थी. पुलिस के अनुसार ये खौफनाक वारदात 7 और 8 फरवरी की दरमियानी रात की है. मामले में मुख्य आरोपी समीर के साथ उसकी मां, बहन और भाई को भी गिरफ्तार कर लिया गया है.

ऑनलाइन डेटिंग ऐप से हुई थी मुलाकात

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर कमल नगर निवासी समीर को हिरासत में लिया. सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पता चला कि समीर और मिसबाह की जान-पहचान एक ऑनलाइन डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी. अक्टूबर 2025 से मिसबाह भोपाल में समीर के घर लिव-इन में रह रही थी. समीर ने उसे परिवार से दोस्त बताकर मिलवाया था.

शादी को लेकर दबाव

मिसबाह के घर आने के बाद समीर की पत्नी नाराज होकर जबलपुर स्थित अपने मायके चली गई थी. समय बीतने के साथ समीर और मिसबाह के बीच झगड़े बढ़ने लगे. बताया जा रहा है कि समीर इस रिश्ते से बाहर निकलना चाहता था जबकि मिसबाह शादी की बात पर अड़ी हुई थी. अलग होने के बदले पैसों की मांग को लेकर भी दोनों के बीच तनाव बना हुआ था.

गुस्से में उठाया खौफनाक कदम

पुलिस के अनुसार 7-8 फरवरी की रात दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि समीर ने मिसबाह का गला घोंट दिया. हत्या के बाद उसने शव को करीब 8 से 10 घंटे तक घर में ही रखा. बाद में उसने पूरी बात अपने परिवार को बताई, जिसके बाद मां, बहन और भाई ने भी उसका साथ दिया.

चारों ने मिलकर शव को लोहे की पेटी में बंद किया और एक दिन तक घर में छिपाकर रखा. फिर रात के अंधेरे में पेटी सहित शव को पास के सेप्टिक टैंक में फेंक दिया, ताकि किसी को शक न हो. हालांकि पुलिस ने पेटी बरामद कर ली है और आरोपी समीर के साथ साहिल, सायमा और शहनाज बी को गिरफ्तार कर लिया है.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है. यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि रिश्तों में बढ़ता तनाव किस तरह खतरनाक अंजाम तक पहुंच सकता है.

ये भी पढ़ें: इंदौर मर्डर मिस्ट्री: MBA छात्रा की क्लासमेट के कमरे में मिली निर्वस्त्र लाश, हत्या के बाद आरोपी ने वायरल किए अश्लील वीडियो