मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के पास स्थित सैन्य छावनी क्षेत्र महू से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है. महू के बेरछा के जंगलों में दो बदमाशों ने एक कॉलेज छात्रा के साथ गैंगरेप किया. आरोपियों ने न केवल छात्रा के साथ हैवानियत की, बल्कि उसके साथ मौजूद दोस्त को भी लाठियों से पीटकर अधमरा कर दिया और उसे जंगल में भागने पर मजबूर कर दिया. विस्तार से जानिए इस खौफनाक मामले की पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
मंदिर दर्शन के बाद जंगल में बैठे थे दोनों
जानकारी के मुताबिक, इंदौर के एक कॉलेज की छात्रा मंगलवार दोपहर अपने दोस्त के साथ महू के बडगोदा थाना क्षेत्र स्थित लगनचा मंदिर में दर्शन करने गई थी. दर्शन करने के बाद दोनों बेरछा झील के पास स्थित सुनसान जंगल में एक जगह बैठे थे. तभी अचानक पीछे से दो हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे और उन्होंने छात्रा के दोस्त पर हमला कर दिया.
दोस्त को पीटकर भगाया, फिर की हैवानियत
आरोपियों ने छात्रा के दोस्त को लाठियों से बेरहमी से पीटा और जान से मारने की धमकी देकर उसे जंगल से बाहर भगा दिया. इसके बाद बदमाशों ने सुनसान जगह का फायदा उठाते हुए छात्रा के साथ दुष्कर्म किया. जंगल से बाहर निकलते ही पीड़ित छात्रा के दोस्त ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छात्रा को रेस्क्यू किया.
पुलिस जांच और आरोपियों की तलाश जारी
इस घटना के बाद पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे मामले की बारीकी से जांच कर रहे हैं और आरोपियों की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस यह भी स्पष्ट कर रही है कि यह क्षेत्र पूरी तरह से आर्मी के अधीन है या वन विभाग के, हालांकि घटना स्थल को बेरछा झील से लगा हुआ जंगल बताया जा रहा है.
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे, सुरक्षा पर उठे सवाल
महू का यह इलाका पहले भी इस तरह की वारदातों के लिए चर्चा में रहा है. करीब 2 साल पहले भी सेना से जुड़े लोगों के साथ इसी क्षेत्र में ऐसी ही एक घटना सामने आई थी. लगातार हो रहे इन हादसों ने पुलिस की पेट्रोलिंग और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर गुस्सा है कि आखिर सुनसान जंगलों में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं और पुलिस का खौफ यहां क्यों नजर नहीं आता. फिलहाल पुलिस ने इलाके में छानबीन तेज कर दी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


