CM मोहन यादव के हेलीकॉप्टर की उड़ान देख थमीं लोगों की सांसें, धूल के गुबार के बीच पायलट ने ऐसे संभाला मोर्चा

Mohan Yadav helicopter video: मोहन यादव के हेलीकॉप्टर की टेक-ऑफ के दौरान अचानक पीछे की ओर मूवमेंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. यह घटना पंधाना में जनसभा के बाद हुई, जब मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर धूल के गुबार के बीच असामान्य दिशा में जाता दिखा, हालांकि पायलट ने तुरंत नियंत्रण संभालते हुए सुरक्षित उड़ान भरी.

Mohan Yadav helicopter video
Mohan Yadav helicopter video

आकांक्षा ठाकुर

follow google news

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के हेलीकॉप्टर की उड़ान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने कुछ पलों के लिए वहां मौजूद लोगों और सुरक्षाकर्मियों के बीच हड़कंप मचा दिया. यह घटना 14 फरवरी की है, जब मुख्यमंत्री खंडवा के पंधाना में एक जनसभा को संबोधित करने के बाद वापस लौट रहे थे. आइए विस्तार से जानते हैं मामले की पूरी कहानी.

Read more!

उड़ान भरते ही पीछे की ओर जाने लगा हेलीकॉप्टर

मुख्यमंत्री मोहन यादव पंधाना में लाडली बहनों के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. कार्यक्रम खत्म होने के बाद जैसे ही उनका हेलीकॉप्टर टेक-ऑफ हुआ, वह आगे बढ़ने के बजाय अचानक पीछे की तरफ जाने लगा. धूल के भारी गुबार के बीच हेलीकॉप्टर को असामान्य दिशा में जाते देख वहां मौजूद लोगों की सांसें थम गईं और चिंता का माहौल बन गया. हालांकि, अनुभवी पायलट ने तुरंत स्थिति को भांप लिया और कुछ ही सेकंड में तकनीकी कुशलता दिखाते हुए हेलीकॉप्टर को नियंत्रित किया और सुरक्षित उड़ान भरी.

क्या यह कोई तकनीकी खराबी थी?

जानकारों और शुरुआती जांच के अनुसार, पहली नजर में यह स्थिति डरावनी जरूर लगी, लेकिन यह एक सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा हो सकती है. कई बार हेलीकॉप्टर अपनी दिशा निर्धारित करने या हवा के दबाव और धूल के गुबार से बचने के लिए पीछे की ओर रुख करते हैं. पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए हेलीकॉप्टर को सुरक्षित रूप से भोपाल पहुंचा दिया, जिसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली.

लाडली बहनों के खाते में भेजे 1800 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री इस दौरे पर लाडली बहना योजना की 33वीं किस्त जारी करने पहुंचे थे. पंधाना के मंच से सीएम मोहन यादव ने एक सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश की करीब 1.25 करोड़ लाडली बहनों के खातों में 1800 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की. इस दौरान उन्होंने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की बात की और टंट्या मामा जैसे महापुरुषों के गौरवशाली अतीत को भी याद किया.

मंच से कांग्रेस पर जमकर बरसे मुख्यमंत्री

कार्यक्रम के दौरान सीएम मोहन यादव ने विपक्षी दल कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए. उन्होंने कांग्रेस नेताओं के उन कथित बयानों की कड़ी निंदा की जिनमें लाडली बहनों को मिलने वाली राशि को लेकर टिप्पणी की गई थी. उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि माता-बहनें अपने परिवार की जान होती हैं और कांग्रेसियों को ऐसी बातें करने पर शर्म आनी चाहिए. उन्होंने जनता से आह्वान किया कि लोकतंत्र में वोट की ताकत से ऐसी सोच रखने वालों को सबक सिखाएं.

यहां देखें वीडियो

इनपुट- अजय नागड़ा

यह खबर भी पढ़ें: तीसरी बार दूल्हा बने MP कैडर के IAS अवि प्रसाद, डेप्युटी सेक्रेटरी से हुई शादी, जानें दो पूर्व पत्नियां हैं कौन?

    follow google news