लाड़ली बहनों के खातों में पहुंचे 1835 करोड़ रुपये से ज्यादा, सीएम डॉ. मोहन बोले- किसी की नजर न लग जाए नरसिंहपुर को

Mohan Yadav ने नरसिंहपुर के मुंगवानी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 36वीं किश्त जारी की. प्रदेश की 1.25 करोड़ से ज्यादा महिलाओं के खातों में 1835 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए. सीएम ने 296 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया.

NewsTak
नरसिंहपुर जिले के मुंगवानी में आयोजित कार्यक्रम में सीएम मोहन यादव.

न्यूज तक डेस्क

follow google news

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 13 मई को ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’ की 36वीं किश्त जारी की. नरसिंहपुर जिले के मुंगवानी में आयोजित कार्यक्रम में सीएम डॉ. यादव ने प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 22 हजार 542 लाड़ली बहनों के बैंक खातों में 1,835 करोड़ 67 लाख 29 हजार 250 रुपये की राशि सिंगल क्लिक से ट्रांसफर की. इसके अलावा उन्होंने 296 करोड़ रुपये के 40 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी किया.

Read more!

कार्यक्रम की शुरुआत में उन्होंने बच्चियों पर पुष्प वर्षा की. उन्होंने लाठी में करतब दिखा रहे बच्चे को गोद में लेकर दुलारा और खुद भी लाठी घुमाई. गौ-पूजन के बाद उन्होंने यहां लगाई गई कई प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में नरसिंहपुर की धरोहरों को समेटने वाले कैलेंडर का विमोचन किया. उन्होंने हितग्राहियों को लाभ भी वितरित किया. उन्होंने टॉप करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप और प्रशस्ति पत्र दिए. इस दौरान स्वागत और विकास कार्यों का जिक्र करने के बाद सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कहीं नरसिंहपुर को किसी की नजर न लग जाए.  

अद्भुत है नरसिंहपुर जिला- सीएम मोहन यादव

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान नरसिंह के नाम पर बसा नरसिंहपुर जिला अद्भुत है. लाड़ली बहनों के माध्यम से भगवान ने रक्षाबंधन के साथ-साथ सभी त्योहार मनाने के लिए आज मुझे यहां भेजा है. कांग्रेसी कहते थे कि लाड़ली बहना योजना केवल चुनाव तक है, हम मानते हैं कि "जाकी रही भावना जैसी, प्रभु मूरत देखी तिन तैसी." कांग्रेसियों की तो भावना ही गलत है. इन्होंने कभी माताओं-बहनों का सम्मान नहीं किया. उनकी कोई मदद नहीं की. इसलिए आज पूरे देश से धीरे-धीरे करके पूरे देश से कांग्रेस पार्टी गायब हो रही है. जबकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी लगातार मजबूत होती जा रही है. उन्होंने कहा कि असम में तीसरी बार सरकार, बंगाल में भी हमारी प्रचंड जीत हुई. गंगोत्री से लेकर गंगा सागर तक मां गंगा का आशीर्वाद मिल रहा है. 

कांग्रेस ने भुगता कर्मों का नतीजा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज अलग प्रकार का समय चल रहा है. हमारी पार्टी जो कहती है, वो करके दिखाती है. बंगाल में गुंडा राज चल रहा था. ममता निर्ममता के साथ जनता के साथ अन्याय कर रही थी. जनता जनार्दन सारा हिसाब रखती है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा के दरम्यान कहा था कि देश की आधी आबादी माताओं-बहनों की है, उनको लोकसभा-विधानसभा में 33 फीसदी आरक्षण दो, लेकिन कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके और समाजवादी पार्टी सहित पूरे विपक्ष ने माताओं-बहनों का अपमान किया.

प्रधानमंत्री मोदी ने उसी दिन कहा था माताएं-बहनें सब भूल सकती हैं, अपना अपमान नहीं भूल सकतीं. माताओं ने चुनाव में पूरी तरह झाड़ू फेर दी. उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम के बाद विपक्ष हाय रे-हाय रे चिल्लाने लगा. मैं कांग्रेसियों से कहता हूं जैसी करनी वैसी भरनी. ये कांग्रेस के कामों का नतीजा था. हमारे लिए माताओं-बहनों का संबंध सर्वोपरि है. हमारी सरकार बनने के बाद हम लाड़ली बहनों के खातों में लगभग 46 हजार करोड़ की राशि डाल चुके हैं. हमारी पिछली सरकार को मिलाकर यह आंकड़ा 55 हजार करोड़ से ज्यादा है. 

सरकार ने बहनों को दिए अहम पद 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेसी कहते हैं कि महिलाओं के खातों में राशि मत डालो ये बहनें दारू पी जाती हैं. यह कहने से पहले कांग्रेसियों को शर्म आनी चाहिए. माताओं-बहनों के लिए इतनी निम्न स्तर की बात करते हो. हमारी सरकार जवाबदारी के साथ नशे के खिलाफ भी आंदोलन कर रही है. हमने 19 जिलों में नशाबंदी की. उन्होंने कहा कि रानी दुर्गावती ने दुर्गा की तरह स्वाभिमान के लिए संघर्ष करते हुए स्वयं का बलिदान दिया. हमें हमारी रानी दुर्गावती पर गर्व है. हमने उनके नाम पर कैबिनेट बैठकें कीं.

हमने राजा भभूत सिंह के नाम पर भी कैबिनेट की. जिन्होंने संघर्ष करके अंग्रेजों के दांत खट्टे किए, हमने उन्हें याद किया. हमने  29 में से 6 बहनों को सांसद बनाया, 27 को विधायक बनाया, 5 को मंत्री बनाया. 4 लाख से ज्यादा मध्यम श्रेणियों की इकाइयों में भी हमने बहनों को संचालन का मौका दिया है. सीएम डॉ. यादव ने कहा कि आज 34 लाख महिला किसानों को उन्नत कृषि और पशुपालन से जोड़ा है. अगर आप 25 गायों को लेकर योजना बनाते हो, तो सरकार 10 लाख की सब्सिडी आपको देगी. हमारी सरकार आपकी आय बढ़ाने के लिए काम कर रही है. हमारी सरकार आम के आम गुठली के दाम कहावत को चरितार्थ कर रही है. 

महिलाओं का सशक्तिकरण सर्वोपरि

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नरसिंहपुर शक्कर का कटोरा है. यहां किसानों ने 20 हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार दिया है. यहां की तूअर दाल प्रदेश का ब्रांड बन चुका है. सोयाबीन-गेहूं उत्पादन में नंबर वन है. हमारी सरकार किसानों का दाना-दाना खरीदेगी. हमने जो कहा वो करके दिखाया. हम अब उड़द पर भी 600 रुपये का बोनस देंगे. मुझे इस बात की प्रसन्नता है पूरे देश में जो सरकार सबसे ज्यादा गेहूं खरीद रही है, वो आपकी सरकार है.

हम सिकल सेल एनीमिया के खिलाफ अभियान चला रहे हैं. लाड़ली लक्ष्मी योजना से 53 लाख बहनों की जिंदगी बेहतर हुई है. 14 लाख 80 हजार से ज्यादा बेटियों को एक हजार करोड़ से ज्यादा की छात्रवृत्ति दी गई है. कन्याओं की शादी में हमारी सरकार 55 हजार रुपये प्रति जोड़ा देती है. उन्होंने कहा कि 65 लाख से अधिक बहनों के सशक्तिकरण के लिए सरकार ने काम किया है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बहनों चिंता मत करना, अब अगर आप कारखाने में काम करने जाओगी, तो सरकार आपके खाते में 5 हजार रुपये ट्रांसफर करेगी. वो जमाना गया जब बहनें केवल सिलाई-कढ़ाई करती थीं, आज महिलाएं कंप्यूटर, एआई जैसे कई क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं. हम पुलिस विभाग में 33 फीसदी की भर्ती महिलाओं की कर रहे हैं. 

हम सब मानें प्रधानमंत्री मोदी का आग्रह

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह बदलते दौर का मध्यप्रदेश है. हम जीयो और जीने दो की भावना पर चलते हैं. नरसिंहपुर के विकास कार्यों को देखकर ऐसा लग रहा है कि इसे किसी की नजर न लग जाए. दुनिया युद्ध के मुहाने खड़ी है. ये भारत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बदलता हुआ देश है. हमें उनके आग्रह को मानना चाहिए. हमने अपने काफिले को कम किया है. हमने मंत्रियों से भी काफिले में गाड़ियां कम करने को कहा है. हमें डीजल-पेट्रोल-सोने पर कंट्रोल करना है. उन्होंने कहा कि लोगों को बचाने की दिशा में नरसिंहपुर अच्छा काम कर रहा है. अगर किसी को कोई घायल दिखता है तो वह डरे नहीं, सरकार उसे जान बचाने के लिए 25 हजार रुपये देगी. हमें पानी की एक-एक बूंद पानी बचानी है. इसलिए हम जल गंगा संवर्धन अभियान चला रहे हैं. 

नर्मदा सहित 7 नदियों पर बनेंगे नए पुल 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज 296 करोड़ 40 लाख की लागत के 40 विकास कार्यों की सौगात नरसिंहपुर को मिली है. जिसमें 215.65 करोड़ लागत के 17 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और 80.68 करोड़ की लागत से 23 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है. क्षेत्र को 7 नए पुलों के भूमि-पूजन की सौगात भी मिली है. नर्मदा नदी पर एक नए पुल का निर्माण किया जाएगा. नल से जल योजना के अंतर्गत भी लाभ मिल रहा है. एनटीपीसी के पास आरओबी और 100 बेड के अस्पताल का लोकार्पण किया गया है.  

तालाब के लिए 21 एकड़ जमीन दान करने वाले परिवार का होगा सम्मान 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान प्रगति पर है. पानी की बूंद-बूंद बचाने के लिए हम सभी संकल्प लें. गोटेगांव क्षेत्र के एक मालगुजार परिवार ने विशाल सरोवर निर्माण के लिए अपनी 21 एकड़ भूमि दान की है. यह प्रशंसनीय कदम है. ऐसे दानवीर को भोपाल के सार्वजनिक कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राहवीर योजना में अच्छा कार्य करने पर नरसिंहपुर जिले की प्रशंसा की. उन्होंने बताया कि सड़क हादसे के घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले को राज्य सरकार 25 हजार राशि देकर पुरस्कृत करेगी. साथ ही अस्पताल में घायल का डेढ़ लाख रुपए का इलाज मुफ्त होगा.

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की प्रमुख घोषणाएं

  • नरसिंहपुर के मुंगवानी में महाविद्यालय खोला जाएगा. 
  • शेर नदी पर 24 करोड़ की लागत से 250 मीटर लंबा पुल बनेगा. 
  • नरसिंहपुर के स्टेडियम में हॉकी एस्ट्रो टर्फ बिछाई जाएगी. 
  • सिंचाई सुविधा बढ़ाने के लिए बुडेना बांध के लिए परीक्षण कराया जाएगा.

भिंड वाहन रैली मामले में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का बड़ा एक्शन, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष को पद से किया बर्खास्त
 

    follow google news