Morena Murder Case: मध्य प्रदेश के मुरैना के किशनपुर गांव में एक हैरान करने वाला मामला सामनेन आया है. यहां एक वीडियो के कारण उपजे शक ने एक पति को इस कदर दरिंदा बना दिया कि उसने अपनी ही पत्नी और दो मासूम बच्चों को कुल्हाड़ी से मौत के घाट उतार दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद भी ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. क्या है पूरा मामला चलिए विस्तार से जानते हैं इस खबर में
ADVERTISEMENT
आंगन में बिखरी थी लाशें, खामोश था घर
दरअसल, शनिवार की सुबह किशनपुर गांव में बलराम सिंह के घर का दरवाजा देर तक बंद पड़ा हुआ था. ऐसे में पड़ोसियों को अनहोनी का शक हुआ. उन्होंने जब बाउंड्री के ऊपर से झांक कर देखा तो उनके होश उड़ गए. घर के आंगन में खून से लथपथ शव पड़े थे. 32 वर्षीय रविता कुशवाहा और उसके दो मासूम बच्चे (8 साल का आरव और 5 साल का देवू) बेजान पड़े थे. मामले की सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची.
क्या था पूरा मामला?
पुलिस जांच की तो सामने आया है कि 35 वर्षीय बलराम सिंह बेंगलुरु में मजदूरी करता था और एक महीने पहले ही गांव लौटा था. कुछ समय पहले गांव में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन हुआ था, जिसमें रविता ने एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में डांस किया था. किसी ने उस डांस का वीडियो बनाकर बलराम को भेज दिया. बस, यहीं से पति-पत्नी के बीच तनाव की नींव पड़ गई.
ग्रामीणों के अनुसार, बलराम अपनी पत्नी पर इस कदर शक करता था कि छोटी-छोटी बातों पर विवाद करने लगा. तनाव इतना बढ़ा कि रविता कुछ दिनों के लिए अपने मायके चली गई थी. वह घटना के महज तीन दिन पहले ही वापस लौटी थी, लेकिन पति का शक कम होने के बजाय और गहरा गया.
पुलिस की कार्रवाई
घटनास्थल से पुलिस ने एक रक्त रंजित कुल्हाड़ी बरामद की है, जिसका उपयोग हत्या के लिए किया गया था. कुछ ही देर बाद, पास के शिकारपुर रेलवे फाटक पर बलराम का शव भी बरामद हुआ. इस पूरे मामले पर पुलिस का कहना है, "प्राथमिक जांच में पारिवारिक विवाद और शक ही मुख्य वजह सामने आई है. मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है. एफएसएल की टीम ने साक्ष्य जुटा लिए हैं." फिलहाल, इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से पूरा गांव गम और दहशत के साए में है. एक शक ने एक पूरा परिवार मिटा दिया.
ADVERTISEMENT


