मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल के 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम 15 अप्रैल को घोषित हो गए. इस बार इंदौर की छात्रा तन्वी कुमावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 12वीं विज्ञान समूह में पूरे प्रदेश में टॉप किया है. दरअसल इंदौर के तीरथबाई कलाचंद स्कूल की छात्रा तन्वी कुमावत ने 500 में से 492 अंक हासिल कर साइंस स्ट्रीम में प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है. खास बात यह है कि तन्वी को सभी विषयों में डिस्टिंक्शन मिला है. तन्वी शुरू से ही पढ़ाई में होनहार रही हैं और इससे पहले 10वीं बोर्ड परीक्षा में भी उन्होंने पूरे जिले में टॉप किया था.
ADVERTISEMENT
डॉक्टर बनने का सपना लेकर 11वीं और 12वीं में विज्ञान विषय चुनने वाली तन्वी ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है. रिजल्ट घोषित होने के बाद तन्वी अपने माता-पिता के साथ स्कूल पहुंचीं, जहां प्रिंसिपल और शिक्षकों ने माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया. शिक्षकों ने उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. स्कूल की प्रिंसिपल ने बताया कि तन्वी शुरू से ही बेहद फोकस्ड छात्रा रही हैं और डॉक्टर बनने के अपने लक्ष्य को लेकर लगातार मेहनत करती रही हैं. तन्वी के माता-पिता ने भी बेटी की इस सफलता पर गर्व जताते हुए कहा कि तन्वी ने हमेशा अपने फैसले खुद लिए और पढ़ाई को प्राथमिकता दी.
कार्डियोलॉजिस्ट बनना चाहती हैं तन्वी
तन्वी का कहना है कि वह आगे चलकर न्यूरोलॉजिस्ट या कार्डियोलॉजिस्ट बनना चाहती हैं और इसी लक्ष्य को हासिल करने के लिए उन्होंने निरंतर मेहनत की. अपनी इस सफलता का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन को दिया है.
तन्वी का मार्कशीट आई सामने
तन्वी की मार्कशीट पर नजर डालें तो इंग्लिश में 100 में से 98, हिंदी में 97, फिजिक्स में 100 में से पूरे 100, कमेस्ट्री में 98 और बायोलॉजी में 99 अंक हासिल किए हैं. तन्वी को 500 में से 492 नंबर यानी 98.4 फीसदी अंक मिले हैं.
ADVERTISEMENT


