भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस में अब अगली पीढ़ी अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी में जुट गई है. पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ 14 नवंबर को राजधानी भोपाल में प्रदेशभर के कांग्रेस नेताओं और समर्थकों को जुटाकर अपनी सियासी सक्रियता का बड़ा संदेश देंगे. इस पूरे आयोजन की कमान पहली बार कमलनाथ की गैरमौजूदगी में नकुलनाथ खुद संभाल रहे हैं. हालांकि, कार्यक्रम से ठीक पहले लगे पोस्टरों ने कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी और अंदरूनी कलह को एक बार फिर उजागर कर दिया है.
ADVERTISEMENT
कमलनाथ के बंगले पर दीपावली मिलन और शक्ति प्रदर्शन
14 नवंबर को बाल दिवस और पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर श्यामला हिल्स स्थित कमलनाथ के बंगले पर दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया जा रहा है. इस कार्यक्रम में प्रदेशभर के कांग्रेस विधायकों, पदाधिकारियों, नेताओं और समर्थकों को व्यक्तिगत तौर पर आमंत्रित किया गया है. इसी आयोजन के दौरान आगामी 18 नवंबर को आने वाले कमलनाथ के जन्मदिन का उत्सव भी मनाया जाएगा.
इस आयोजन का राजनीतिक महत्व इसलिए बहुत बढ़ गया है, क्योंकि कमलनाथ इसमें शामिल नहीं होंगे. उन्होंने पहले से तय व्यस्तताओं का हवाला देते हुए कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो पाने की जानकारी दी है. ऐसे में नकुलनाथ के कंधों पर प्रदेशभर के नेताओं और समर्थकों को एक मंच पर एकजुट करने की पूरी जिम्मेदारी होगी. इसे केवल दीपावली मिलन तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि नकुलनाथ के राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है.
पोस्टरों से पटवारी और सिंघार नदारद, गुटबाजी पर सियासत तेज
कार्यक्रम से पहले भोपाल में लगाए गए पोस्टरों ने कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं. इन पोस्टरों में नकुलनाथ को प्रमुखता से पेश किया गया है, लेकिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित कई बड़े नेताओं की तस्वीरें नदारद हैं.
पीसीसी कार्यालय के आसपास लगाए गए पोस्टरों पर लिखा है, "मध्य प्रदेश की मजबूरी है, नकुलनाथ जरूरी है."
इस नारे के जरिए नकुलनाथ को प्रदेश की राजनीति में एक प्रमुख चेहरे के तौर पर स्थापित करने की कोशिश साफ दिखाई दे रही है. पोस्टरों में पार्टी के मौजूदा प्रांतीय नेतृत्व के चेहरों की गैरमौजूदगी से राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं कि क्या नकुलनाथ प्रदेश कांग्रेस में अपनी एक अलग राजनीतिक पहचान और समर्थकों का स्वतंत्र आधार तैयार कर रहे हैं?
बीजेपी छोड़कर आए जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने थामा कांग्रेस का हाथ
इस बड़े आयोजन से ठीक पहले छिंदवाड़ा जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित सक्सेना ने बीजेपी का दामन छोड़कर नकुलनाथ के समक्ष कांग्रेस में वापसी की है. राजनीतिक विश्लेषक इसे नकुलनाथ द्वारा अपने गृह क्षेत्र छिंदवाड़ा और प्रदेश स्तर पर अपनी राजनीतिक सक्रियता को लगातार बढ़ाने की रणनीति के रूप में देख रहे हैं.
दिग्विजय के बाद अब नकुलनाथ की बारी
मध्य प्रदेश कांग्रेस में दिग्गजों के बच्चों की सक्रियता लगातार सुर्खियों में है. एक तरफ पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' में उनके बेटे और पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह सक्रिय रूप से साथ नजर आ रहे हैं, तो वहीं अब नकुलनाथ भी प्रदेश की मुख्य राजनीति में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने आगे आ रहे हैं.
कमलनाथ ने इस आयोजन के लिए अपना संदेश जारी कर शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने कहा है कि वे जल्द ही प्रदेश के कांग्रेस परिवार से मुलाकात करेंगे और जनता की सेवा के अपने संकल्प पर पूरी तरह कायम रहेंगे.
ADVERTISEMENT


