Harda murder case: कहते हैं कि प्यार अंधा होता है, लेकिन हरदा जिले में जो हुआ उसने साबित कर दिया कि वासना और सनक इंसान को हैवान बना देती है. रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करते हुए एक पत्नी ने अपने ही सुहाग का अंत कर दिया. हरदा सिटी कोतवाली इलाके में 15 अप्रैल को एक शख्स की लाश मिली. शुरुआत में इसे एक साधारण एक्सीडेंट दिखाने की साजिश रची गई थी. मृतक के बेटे कन्हैया को सूचना दी गई कि उसके पिता का एक्सीडेंट हो गया है. लेकिन जब बेटा मौके पर पहुंचा, तो पिता के सिर और आंखों पर गहरे घाव देखकर उसे शक हो गया.
ADVERTISEMENT
मामी और भांजे के बीच था 6 साल पुराना रिश्ता
पुलिस जांच में पता चला कि मृतक की पत्नी क्षमाबाई और घर का भांजा अजय वारदात के बाद से लापता थे. जब पुलिस ने कॉल डिटेल्स खंगाली, तो राज खुलता चला गया. पुलिस के अनुसार, मामी और भांजे के बीच पिछले 6 साल से अवैध संबंध चल रहे थे. पति इस नाजायज रिश्ते में सबसे बड़ी दीवार बना हुआ था, इसलिए उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची गई.
हत्या के बाद भांजे ने किया फोन- "काम हो गया"
आरोपी पत्नी ने अपने भांजे को पति की हर लोकेशन और पल-पल की जानकारी दी. भांजे अजय ने अपने साथियों के साथ मिलकर मामा की हत्या कर दी और फिर मामी को फोन कर कहा "काम हो गया है, अब वह हमारे रास्ते में नहीं आएगा."
"मुझे कोई अफसोस नहीं है"
इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा हैरान करने वाला आरोपी पत्नी क्षमाबाई का बयान था. जेल जाते वक्त उसके चेहरे पर पछतावे की एक लकीर तक नहीं थी. उसने बेबाकी से मीडिया और पुलिस के सामने कहा, "मुझे कोई अफसोस नहीं है, अब मैं आजाद हूं."
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी पत्नी क्षमाबाई, प्रेमी भांजे अजय और उसके सहयोगी सचिन को गिरफ्तार कर लिया है. इस वारदात ने न सिर्फ एक परिवार को तबाह कर दिया, बल्कि समाज में रिश्तों की पवित्रता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
ADVERTISEMENT


