मध्य प्रदेश के उज्जैन से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली मर्डर मिस्ट्री सामने आई है. यहां उनहेल कस्बे में एक शख्स की बेरहमी से हत्या कर दी गई. जब पुलिस ने इस कत्ल की गुत्थी सुलझाई तो पैरों तले जमीन खिसक गई. 16 साल पुराने शादी के पवित्र रिश्ते को खत्म करने के लिए पत्नी ने अपने प्रेमी जो रिश्ते में देवर लगता है, के साथ मिलकर पति को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
यह खौफनाक वारदात उज्जैन जिले के उनहेल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पिपलिया डाबी गांव की है. 30 मई की सुबह गांव के ही एक खेत में खून से लथपथ एक लाश मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. मृतक की शिनाख्त पिपलिया डाबी गांव के ही रहने वाले 38 साल भारत सिंह राजपूत (पिता भगवान सिंह राजपूत) के रूप में हुई. भारत के सिर पर किसी भारी चीज से ताबड़तोड़ वार कर बेरहमी से कत्ल किया गया था.
अवैध संबंध और जमीन का विवाद बनी हत्या की वजह
पुलिस के लिए शुरुआत में यह एक अंधा कत्ल था, जिसका कोई सीधा सुराग नहीं था. लेकिन साइबर सेल, एफएसएल (FSL) और मुखबिरों की मदद से पुलिस की शक की सुई मृतक की पत्नी सोना कुंवर पर जा टिकी. हिरासत में लेकर जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो सोना कुंवर टूट गई और उसने हैरान कर देने वाला सच उगला.
5 साल से था अफेयर
सोना कुंवर की शादी को 16 साल हो चुके थे और उसके दो बच्चे भी हैं, लेकिन पिछले 5 साल से उसका पड़ोस में रहने वाले दूर के रिश्तेदार (जो रिश्ते में देवर लगता है) जितेंद्र सिंह राजपूत से प्रेम प्रसंग चल रहा था.
घरेलू विवाद और जमीन बेचने की जिद
पूछताछ में सामने आया कि भारत सिंह शराब पीने का आदी था और आए दिन पत्नी से मारपीट करता था. इसी बीच भारत सिंह अपने खेत की जमीन बेचने की जिद पर अड़ गया था. सोना कुंवर ने उसे मना किया, लेकिन जब वो नहीं माना, तो उसने अपने प्रेमी जितेंद्र के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बना डाला.
पत्थर से कुचलकर की गई निर्मम हत्या
साजिश के मुताबिक, आरोपी जितेंद्र 29 मई की रात भारत सिंह को शराब पिलाने के बहाने खेत पर लेकर गया. दोनों ने वहां बैठकर साथ में शराब पी. जैसे ही भारत सिंह को तेज नशा चढ़ा, जितेंद्र ने मौका पाकर पास में पड़े एक भारी पत्थर से भारत के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए. सिर पूरी तरह कुचल जाने के कारण भारत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई.
24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
उनहेल थाना पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के अंदर दोनों मुख्य आरोपियों को धर दबोचा है. उज्जैन पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जितेंद्र सिंह राजपूत (पिता सूर्य सिंह राजपूत) मुख्य आरोपी (प्रेमी) और सोना कुंवर जो कि मृतक की पत्नी है उसे गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस ने कत्ल में इस्तेमाल किए गए भारी पत्थर को भी बरामद कर लिया है. आरोपियों का पूर्व में कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं रहा है. फिलहाल पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है. 5 साल के नाजायज संबंध और जमीन के लालच ने 16 साल पुराने वैवाहिक जीवन को खत्म कर दिया और दो मासूम बच्चों के सिर से हमेशा के लिए पिता का साया छीन लिया. दोनों आरोपियों को अब जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया गया है.
ADVERTISEMENT


