MP Murder Case: रिश्तों की दुनिया में भरोसा सबसे मजबूत धागा माना जाता है, लेकिन जब इसी धागे में छल और अवैध प्रेम उलझ जाए, तो कहानी खौफनाक साजिश में बदल जाती है. मध्य प्रदेश के दतिया जिले से एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या कर दी. पुलिस ने इस मामले में पत्नी, उसके प्रेमी और एक अन्य सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT
होली की मुलाकात और अवैध प्रेम
इस खौफनाक खेल की शुरुआत साल 2025 की होली पर हुई थी. झांसी का रहने वाला हंसराज वर्मा अपने परिवार के साथ एक कार्यक्रम में शामिल हुआ था. यहीं उसकी मुलाकात ग्वालियर के रहने वाले हेमंत आर्य से हुई. हंसराज और हेमंत दोस्त बन गए, लेकिन हेमंत की सहानुभूति धीरे-धीरे हंसराज की पत्नी बबीता के प्रति बढ़ती गई. बबीता अपने पति की शराब की लत और झगड़ों से परेशान थी. सहानुभूति कब प्यार में बदल गई, उन्हें पता भी नहीं चला और जल्द ही हंसराज उनके बीच का कांटा बन गया.
ऐसे बनाई हंसराज मारने की प्लानिंग
4 फरवरी को जब हंसराज एक पारिवारिक कार्यक्रम के लिए ग्वालियर पहुंचा, तब साजिश को अंजाम देने का फैसला किया गया. हेमंत ने अपने दोस्त अनिल खटीक को साथ लिया. 6 फरवरी को उन्होंने हंसराज को शराब पिलाई और बाइक पर छोड़ने के बहाने सुनसान रास्ते पर ले गए. वहां मफलर से हंसराज का गला घोंट दिया गया और शव को गोराघाट क्षेत्र की झाड़ियों में फेंक दिया गया.
कॉल डिटेल ने खोला राज
हंसराज का शव मिलने के बाद पुलिस ने इसे अज्ञात मृतक मानकर दफना दिया था, लेकिन शक के आधार पर जब जांच शुरू हुई तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए. पुलिस ने जब तकनीकी साक्ष्य और मोबाइल लोकेशन खंगाली तो पता चला कि हेमंत और बबीता के बीच घंटों बात होती थी. हेमंत लगातार झांसी आता-जाता था. कड़ाई से पूछताछ करने पर बबीता टूट गई और उसने पूरी हकीकत बयां कर दी.
पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक की पत्नी लगातार हेमंत से कहती थी कि हंसराज को उनके रिश्ते का शक हो गया है और वह मारपीट करता है, इसलिए उसे रास्ते से हटाना ही होगा. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल मफलर और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है. इस हत्याकांड ने दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया छीन लिया और मां अब जेल की सलाखों के पीछे है.
ADVERTISEMENT

