MP: सोशल मीडिया स्टार DSP संतोष पटेल की पत्नी ने लिखा एक लेटर और हो गया साहब का तबादला

सोशल मीडिया पर मशहूर डीएसपी संतोष पटेल की पत्नी का एक भावुक फेसबुक पोस्ट वायरल होने के तुरंत बाद प्रशासन ने उनका ट्रांसफर बालाघाट से भोपाल कर दिया है.

DSP संतोष पटेल
DSP संतोष पटेल

आकांक्षा ठाकुर

follow google news

मध्य प्रदेश में हाल ही में हुए पुलिस विभाग के तबादलों में एक नाम सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बना हुआ है. ये नाम है सोशल मीडिया पर बेहद लोकप्रिय और अपनी सादगी के लिए मशहूर डीएसपी (DSP) संतोष पटेल का. खास बात ये है कि उनके ट्रांसफर की लिस्ट आने से ठीक पहले उनकी पत्नी रोशनी पटेल का एक भावुक फेसबुक पोस्ट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने सरकार से अपने पति के तबादले की गुहार लगाई थी.

Read more!

पत्नी रोशनी पटेल ने पोस्ट में क्या लिखा था?

डीएसपी संतोष पटेल पिछले 1 साल 5 महीने से बालाघाट के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सहायक सेनानी (हॉक फोर्स) के पद पर तैनात थे. नियमानुसार इस क्षेत्र में 1 वर्ष की ड्यूटी की अवधि होती है. अवधि पूरी होने के बाद उनकी पत्नी रोशनी पटेल ने फेसबुक पर लिखा:

"बालाघाट के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में नियम है कि वहां 1 साल की ड्यूटी होगी लेकिन मेरे पतिदेव को ड्यूटी करते हुए 1 साल 5 महीने हो चुके हैं. बच्चों की पढ़ाई का समय आ गया है और स्कूल में एडमिशन करवाना है. मां बीमार रहती हैं, समय पर उनकी दवाइयां नहीं हो पाती हैं. मेरे जैसी कई पत्नियां इंतजार कर रही हैं कि वे अपने परिवार के साथ रह सकें. सरकार से निवेदन है कि जल्द से जल्द ट्रांसफर किया जाए." 

इस भावुक पोस्ट के वायरल होने के तुरंत बाद प्रशासन की तरफ से ट्रांसफर की सूची जारी हो गई जिसमें संतोष पटेल का नाम भी शामिल था. लोग इसे एक बड़ा संयोग मान रहे हैं.

भोपाल में मिली बड़ी जिम्मेदारी

बालाघाट से ट्रांसफर होने के बाद अब डीएसपी संतोष पटेल को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पहली पोस्टिंग मिली है. उन्हें बतौर एसीपी (ACP) कोतवाली, भोपाल के तीन सबसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील थानों- श्यामला हिल्स, तलैया और कोतवाली- की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है.

ट्रांसफर के बाद अम्मा के छुए पैर

तबादले की खबर मिलने के बाद डीएसपी संतोष पटेल ने भी सोशल मीडिया पर एक बेहद प्यारी तस्वीर साझा की. उन्होंने लिखा कि कोई भी खुशी या बदलाव हो, उसकी शुरुआत हमेशा अम्मा के चरणों से होती है. उन्होंने बताया कि जब रात में ट्रांसफर की लिस्ट आई तो उन्होंने अपनी सो रही मां को जगाकर यह खुशखबरी दी, जिसे सुनकर वह मुस्कुरा उठीं. इसके साथ ही उन्होंने बालाघाट को एक सुंदर जिला बताते हुए वहां के अनुभवों की तारीफ की और राजधानी भोपाल में काम करने को लेकर उत्सुकता जताई.

क्यों इतने मशहूर हैं DSP संतोष पटेल?

संतोष पटेल केवल एक पुलिस अधिकारी नहीं बल्कि एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी हैं. जनता के बीच जाकर बड़ी आत्मीयता से उनकी समस्याएं सुनना, सामाजिक मुद्दों पर सीख देना और अपनी सादगी से लोगों का दिल जीतना उनकी पहचान है. संघर्षों से तपकर एमपीपीएससी (MPPSC) क्लियर करने वाले संतोष पटेल युवाओं के लिए एक बड़े मोटिवेटर हैं. इसके अलावा वे कविताएं लिखने का भी शौक रखते हैं. अब देखना होगा कि भोपाल की कानून व्यवस्था संभालते हुए वह राजधानी में अपनी लोकप्रियता का कैसा जादू बिखेरते हैं.


 

    follow google news