MP Weather Update: एमपी में गर्मी का तांडव! 10 जिलों में लू का येलो अलर्ट, रात के तापमान में भी भारी उछाल

MP weather update: मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर तेज हो गया है, जहां कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. भारतीय मौसम विभाग ने 10 जिलों में लू का येलो अलर्ट जारी किया है. दिन के साथ अब रात का तापमान भी बढ़ रहा है, जिससे लोगों की परेशानी दोगुनी हो गई है. जानिए किन जिलों में हीट वेव का असर, कब मिलेगी राहत और मौसम विभाग का ताजा अपडेट.

MP Weather Forecast
MP Weather Forecast

आकांक्षा ठाकुर

follow google news

MP Weather IMD Alert: मध्य प्रदेश में मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. एक तरफ जहां सूरज की तपिश ने दिन का चैन छीना हुआ है, वहीं अब रातें भी गर्म होने वाली हैं. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए प्रदेश के 10 जिलों में हीट वेव (लू) का येलो अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही, चार नए वेदर सिस्टम एक्टिव होने से आने वाले दिनों में मौसम काफी कंफ्यूज करने वाला हो सकता है. 

Read more!

इन 10 जिलों में लू का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में भिंड, ग्वालियर, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, रतलाम, झाबुआ, धार और अलीराजपुर में भीषण लू चलने की संभावना है. इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. वर्तमान में छतरपुर का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो प्रदेश में सबसे अधिक दर्ज किया गया है.

रात के तापमान में होगा जोरदार इजाफा

मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि अब केवल दिन ही नहीं, बल्कि रात के तापमान में भी भारी उछाल आएगा. खासकर उमरिया जिले में रात के तापमान में बढ़ोतरी होने से लोगों की बेचैनी बढ़ सकती है. पिछले 24 घंटों में जबलपुर, शहडोल और सागर संभाग में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि देखी गई है.

चार नए सिस्टम और आंधी-बारिश की संभावना

तापमान बढ़ने के बावजूद, मध्य प्रदेश में चार अलग-अलग वेदर सिस्टम एक्टिव हो रहे हैं. इसमें चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ लाइन शामिल है. 25 अप्रैल के बाद इन सिस्टम्स के असर से कुछ इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है:

आंधी का अलर्ट: सागर, नरसिंहपुर, अशोकनगर, जबलपुर, रीवा, भोपाल, इंदौर और शिवपुरी सहित कई जिलों में तेज हवाएं चल सकती हैं.

बिजली गिरने की आशंका: सागर में आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है.

तेज रफ्तार हवाएं: सीधी, सिंगरौली, अनूपपुर और मंडला जैसे जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

1 मई से 'नौतपा' की आहट

मौसम विभाग का अनुमान है कि 1 मई के बाद से प्रदेश में नौतपा का असर शुरू हो सकता है, जिससे गर्मी अपने चरम पर होगी. हालांकि जेट स्ट्रीम और अन्य सिस्टम्स के कारण बीच-बीच में हल्की बौछारें पड़ सकती हैं, लेकिन इनसे बढ़ते तापमान से कोई विशेष राहत मिलने की उम्मीद नहीं है.

    follow google news