मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की मुहिम लगातार जारी है. इसी कड़ी में 14 नवंबर को लोकायुक्त की टीम ने वन विभाग के एसडीओ (SDO) संजीव कुमार शर्मा के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने से पहले तीन अलग-अलग टीमों ने 37 दिनों तक बेहद गोपनीय तरीके से जांच की थी. जांच टीमों ने कटनी और पचमढ़ी में अधिकारी की संपत्तियों का सत्यापन किया और होटल, रिसॉर्ट व अन्य व्यावसायिक संपत्तियों की पुख्ता जानकारी जुटाने के बाद दबिश दी.
ADVERTISEMENT
करोड़ों का सोना-चांदी और लाखों की नकदी बरामद
लोकायुक्त की अब तक की कार्रवाई में अधिकारी के ठिकानों से 26 लाख 36 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं. इसके साथ ही बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण भी मिले हैं, जिसे देखकर जांच अधिकारी भी हैरान रह गए. टीम को मौके से 2.528 किलो सोना (अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 50 लाख रुपए) और 1.656 किलो चांदी (अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 94 हजार रुपए) मिली है. टीम ने मौके से मिले सभी सामान और दस्तावेजों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है.
होटल, रिसॉर्ट और 28 जमीनों के दस्तावेज मिले
प्रारंभिक जांच में संजीव कुमार शर्मा की कुल करीब 7 करोड़ 60 लाख रुपए की संपत्ति सामने आई है. इसमें नकदी, जेवरात, वाहन और अन्य चल-अचल संपत्तियां शामिल हैं. जांच के दौरान दो प्रमुख व्यावसायिक संपत्तियों का भी पता चला है, जिनमें 'ईकोटेल रिसॉर्ट' (अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपए) और 'सेरेनिटी द विला' (अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ रुपए) शामिल हैं. इसके अलावा ठिकानों से करीब 50 लाख रुपए का घरेलू सामान भी मिला है.
छापेमारी में जमीनों की खरीद-फरोख्त से जुड़े 28 महत्वपूर्ण दस्तावेज भी हाथ लगे हैं. अब टीम इन जमीनों की लोकेशन, रजिस्ट्री, खरीद की तारीख और वास्तविक भुगतान की रकम का मिलान कर रही है, जिससे संपत्तियों के पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है.
चार वाहनों का भी चला पता
लोकायुक्त की जांच में SDO के पास चार वाहन होने की जानकारी मिली है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 31 लाख 20 हजार रुपए आंकी गई है. इन वाहनों में स्कॉर्पियो, महिंद्रा KUV, बुलेट और एक स्कूटर शामिल है. जांच एजेंसी अब इन वाहनों की खरीद से जुड़े दस्तावेजों और भुगतान के स्रोतों (बैंक खातों) की पड़ताल कर रही है.
आय से 560 प्रतिशत अधिक संपत्ति का अनुमान
शुरुआती पड़ताल में लोकायुक्त को SDO की ज्ञात आय से करीब 228 प्रतिशत अधिक संपत्ति होने की आशंका थी, लेकिन छापेमारी में मिले नए तथ्यों और गणना के बाद यह आंकड़ा बढ़कर करीब 560 प्रतिशत तक पहुंच गया है. हालांकि, होटल और रिसॉर्ट का वास्तविक मूल्यांकन अभी बाकी है, जिसके बाद कुल संपत्ति का आंकड़ा और बढ़ सकता है.
परिवार और सेवा अवधि के रिकॉर्ड की होगी जांच
अब लोकायुक्त की जांच का दायरा अधिकारी के परिवार और करीबियों तक बढ़ सकता है. टीम यह पता लगा रही है कि क्या संपत्तियां परिजनों या करीबियों के नाम पर खरीदी गई हैं. इसके लिए बैंक लेनदेन और निवेश के दस्तावेजों की जांच की जाएगी. साथ ही, लोकायुक्त अधिकारी की पूरी सेवा अवधि के वेतन, अन्य वैध आय और दोनों रिसॉर्ट से होने वाली संभावित कमाई का रिकॉर्ड भी खंगालने की तैयारी में है, ताकि आय से अधिक संपत्ति का अंतिम आंकड़ा तय किया जा सके.
ADVERTISEMENT


