कर्नल सोफिया कुरैशी टिप्पणी मामला: मंत्री विजय शाह को अभियोजन की मंजूरी नहीं, राज्यपाल के फैसले की जानकारी सुप्रीम कोर्ट को सौंपी गई

• 07:38 PM • 29 Nov 2026

कर्नल सोफिया कुरैशी पर आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह को अभियोजन की मंजूरी नहीं मिली है. राज्यपाल मंगुभाई पटेल के फैसले की जानकारी सुप्रीम कोर्ट को सौंप दी गई है, वहीं कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा है. पढ़ें पूरी खबर.

NewsTak
Google CTA

भोपाल: मध्य प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह को कर्नल सोफिया कुरैशी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में बड़ी राहत मिलती दिखाई दे रही है. राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने विजय शाह के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए अभियोजन की मंजूरी देने से इनकार कर दिया है. राज्य सरकार ने मध्य प्रदेश कैबिनेट की अनुशंसा और राज्यपाल के फैसले से संबंधित आदेश की जानकारी सुप्रीम कोर्ट को सौंप दी है. अब इस पूरे प्रकरण में अंतिम निर्णय सर्वोच्च न्यायालय को लेना है. राज्यपाल के इस फैसले के बाद मध्य प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है.

Read more!

कैसे आगे बढ़ा पूरा मामला?

कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर की गई विवादित टिप्पणी के मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) ने जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में सीलबंद लिफाफे में पेश की थी. जांच के आधार पर एसआईटी ने मंत्री विजय शाह के खिलाफ अदालत में मुकदमा चलाने के लिए सक्षम प्राधिकारी से अभियोजन की स्वीकृति मांगी थी. इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को इस संबंध में जल्द निर्णय लेने के निर्देश दिए थे.

कानूनी प्रक्रिया के तहत राज्य सरकार ने यह प्रस्ताव कैबिनेट की बैठक में रखा. कैबिनेट में विजय शाह के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी नहीं देने के संबंध में राज्यपाल को अनुशंसा भेजने का निर्णय लिया गया. कैबिनेट की अनुशंसा के बाद प्रस्ताव राज्यपाल मंगुभाई पटेल के पास भेजा गया, जिन्होंने विचार करने के बाद मुकदमा चलाने की मंजूरी नहीं देने का निर्णय लिया और प्रस्ताव अनुमोदन के साथ वापस भेजा.

इसके बाद गृह विभाग ने आदेश की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए विधि एवं विधायी विभाग से संपर्क किया. विधि विभाग द्वारा आदेश के प्रारूप का परीक्षण और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इसे जारी किया गया. शनिवार को राज्य सरकार ने कैबिनेट की अनुशंसा और राज्यपाल के आदेश से जुड़े दस्तावेजों सहित आधिकारिक जानकारी सुप्रीम कोर्ट के सामने रख दी.

कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

राज्यपाल के फैसले और राज्य सरकार के रुख को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि मंत्री के लिए सत्ता की ढाल और न्याय के लिए जनता की अदालत है. उन्होंने सवाल उठाया कि देश की बेटी कर्नल सोफिया कुरैशी पर आपत्तिजनक टिप्पणी, एसआईटी की जांच पूरी होने और अभियोजन की सिफारिश के बावजूद भाजपा सरकार की कैबिनेट और राज्यपाल ने मुकदमा चलाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री को बचाने के लिए सरकार पूरी ताकत लगा रही है और कहा कि सुप्रीम कोर्ट में प्रभावित पक्ष के लिए फैसले को चुनौती देने का रास्ता खुला है.

क्या था पूरा विवाद?

यह पूरा विवाद 11 मई 2025 को शुरू हुआ था, जब इंदौर जिले में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान मंत्री विजय शाह ने भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. बयान सामने आने के बाद देशभर में तीखी प्रतिक्रियाएं हुई थीं और राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों व पूर्व सैन्य अधिकारियों ने नाराजगी जताई थी.

कर्नल सोफिया कुरैशी 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान भारतीय सेना की ओर से देश और दुनिया के सामने सैन्य कार्रवाई से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करने वाली अधिकारियों में शामिल थीं. उन्होंने सैन्य कार्रवाई के दौरान सेना के पराक्रम और ऑपरेशन से जुड़े तथ्यों को आधिकारिक रूप से प्रस्तुत करने में अहम भूमिका निभाई थी, जिसके चलते उनकी टिप्पणी को लेकर विवाद काफी बढ़ गया था.

अब सुप्रीम कोर्ट पर टिकी नजरें

अभियोजन की मंजूरी नहीं मिलने के बावजूद यह मामला पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है. राज्य सरकार ने संवैधानिक और कानूनी प्रक्रिया के तहत लिए गए निर्णय की जानकारी अदालत को दे दी है, लेकिन अब सुप्रीम कोर्ट राज्यपाल के आदेश, कैबिनेट की अनुशंसा और एसआईटी की जांच रिपोर्ट सहित सभी पहलुओं पर विचार करेगा. फिलहाल सबकी नजरें सुप्रीम कोर्ट की अगली सुनवाई और उसके रुख पर टिकी हैं कि अदालत राज्यपाल के निर्णय को स्वीकार करती है या कोई अन्य कानूनी दिशा तय करती है.