मध्य प्रदेश की राजनीति के भीष्म पितामह कहे जाने वाले वरिष्ठ बीजेपी नेता और पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव के एक बयान ने सियासी गलियारों में हड़कंप मचा दिया है. सागर में आयोजित ब्राह्मण समाज के एक कार्यक्रम में भार्गव ने अपनी ही सरकार की नीतियों और व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने यहां तक कह दिया कि आजकल के निर्णय और नियम ऐसे हो रहे हैं कि उन्हें रात भर नींद नहीं आती और उनकी रूह कांप जाती है. आइए विस्तार से जानते है पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
'क्या हमें मार दिया जाएगा?'- भार्गव का छलका दर्द
नौ बार के विधायक गोपाल भार्गव ने समाज को चेतावनी देते हुए कहा कि आज परिस्थितियां ऐसी बन गई हैं कि ब्राह्मणों को हाशिए पर धकेला जा रहा है. उन्होंने मंच से पूछा, 'क्या हम एक पैसे के बराबर बचे हैं? क्या हमें मार दिया जाएगा? क्या हम ही सबकी नजरों में खटक रहे हैं?' उन्होंने आरोप लगाया कि समाज के खिलाफ चौतरफा साजिशें हो रही हैं और हर तरफ से ब्राह्मणों को टारगेट किया जा रहा है.
यूजीसी नियमों और IAS संतोष वर्मा कांड का जिक्र
गोपाल भार्गव का यह गुस्सा हाल ही में आए यूजीसी के नए नियमों और आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा द्वारा ब्राह्मण बेटियों पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के संदर्भ में देखा जा रहा है. भार्गव इस बात से भी नाराज दिखे कि सरकार ने विवादित टिप्पणी करने वाले अधिकारी पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं की. उन्होंने संकेत दिया कि अगर समाज संगठित नहीं हुआ, तो आने वाली पीढ़ियां उन्हें माफ नहीं करेंगी.
राजनीतिक रसूख घटने पर जताई चिंता
भार्गव ने पुराने समय को याद करते हुए कहा कि कभी हाई कोर्ट, सुप्रीम कोर्ट, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के पदों पर बड़ी संख्या में ब्राह्मण हुआ करते थे, लेकिन आज केंद्र और राज्यों में स्थिति बदल गई है. उन्होंने साफ कहा कि जब दूसरी समाज के लोग सत्ता में होंगे, तो वे अपने हितों के बारे में सोचेंगे, हमारे बारे में नहीं. इसलिए समाज को किसी भी पार्टी से ऊपर उठकर संगठित होना होगा.
सबसे सीनियर विधायक की बगावत?
गोपाल भार्गव मध्य प्रदेश के वर्तमान में सबसे सीनियर विधायकों में से एक हैं और 1985 से अब तक कभी कोई चुनाव नहीं हारे हैं. वह कई बार कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं. ऐसे में उनका अपनी ही सरकार की नीतियों के खिलाफ सार्वजनिक मंच से बोलना यह संकेत देता है कि सवर्ण समाज का एक बड़ा तबका सरकार के कुछ हालिया फैसलों से बेहद नाराज है.
यहां देखें वीडियो
यह खबर भी पढ़ें: MP के भिंड में साधुओं से पूछा भगवान शंकर की पत्नी का नाम, नहीं मिला जवाब नहीं तो बेरहमी से पीटा; वीडियो वायरल
ADVERTISEMENT

