नर्मदा की गोद में मिला 4 लाख साल पुराना रहस्य, जिसे देवता समझकर पूज रहे थे ग्रामीण, वह निकला पुराना जीवाश्म !

मध्य प्रदेश के रायसेन जिले की नर्मदा घाटी में वैज्ञानिकों को 4 से 5 लाख साल पुराने एक विशालकाय प्रागैतिहासिक हाथी के जबड़े और पसलियों के जीवाश्म मिले हैं, जिन्हें स्थानीय ग्रामीण पहले देवता समझकर पूज रहे थे.

मध्य प्रदेश की प्राचीन नर्मदा घाटी
मध्य प्रदेश की प्राचीन नर्मदा घाटी
Google CTA

मध्य प्रदेश की प्राचीन नर्मदा घाटी ने एक बार फिर दुनिया भर के वैज्ञानिकों को हैरान कर दिया है. रायसेन जिले के नर्मदा घाट पतई क्षेत्र में शोधकर्ताओं को प्रागैतिहासिक काल के एक विशालकाय हाथी के जबड़े और पसलियों के दुर्लभ जीवाश्म (Fossils) मिले हैं. भूगर्भ विशेषज्ञों का दावा है कि ये अवशेष करीब 4 से 5 लाख साल पुराने हैं. इस हैरान करने वाली खोज से जुड़ी सबसे दिलचस्प बात यह है कि जब ये अवशेष पहली बार ग्रामीणों को मिले थे, तो जानकारी के अभाव में वे इन्हें किसी अनजान देवता का चमत्कार मानकर इनकी पूजा करने लगे थे.

Read more!

 मिडिल प्लेस्टोसिन काल से जुड़े हैं अवशेष

वरिष्ठ वैज्ञानिकों की एक विशेष टीम ने पतई क्षेत्र में इन दुर्लभ जीवाश्मों का प्रारंभिक विश्लेषण किया है. भूगर्भीय आकलन के अनुसार, यह खोज बनेटा फार्मेशन की पीली मिट्टी और सुहागपुर फार्मेशन की सिल्ट सतह से जुड़ी है, जो मध्य प्लेस्टोसिन काल (लगभग 24,000 से 5 लाख वर्ष पूर्व) की मानी जाती है.

अध्ययनों से पता चलता है कि यह जीवाश्म 'पेलियोलक्सोडोन नामडिकस' (Palaeoloxodon namadicus) प्रजाति के हाथी का है. यह प्रागैतिहासिक काल का वह महाकाय हाथी था, जो आज के हाथियों की तुलना में कहीं अधिक विशाल हुआ करता था.

 कितना विशाल था यह प्राचीन हाथी?

विशेषज्ञों के मुताबिक, उस दौर का यह हाथी:

  • ऊंचाई: लगभग 13 से 15 फीट (4 से 5 मीटर)
  • लंबाई: करीब 16 से 18 फीट
  • वजन: लगभग 18 से 22 टन

मिले हुए जबड़े की लंबाई 75 सेंटीमीटर और चौड़ाई 25 सेंटीमीटर है. इसके दांतों की बनावट और समानांतर धारियां इस विशालकाय जीव के अस्तित्व की पुष्टि करती हैं. वैज्ञानिकों का यह भी मानना है कि दांतों की संरचना को देखकर ऐसा लगता है कि यह किसी युवा हाथी का जबड़ा था, जो पूरी तरह विकसित नहीं हुआ था.

 जब वीडियो वायरल होने पर खुला राज

स्थानीय स्तर पर जब यह विशाल जबड़ा और हड्डियां ग्रामीणों के हाथ लगीं, तो लोग इसे किसी अलौकिक शक्ति या देवता का अवशेष समझकर पूजने लगे थे. हालांकि, सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल होने के बाद वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं की टीम हरकत में आई. विशेषज्ञों ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की, जिसके बाद इस बात से पर्दा उठा कि यह कोई दैवीय वस्तु नहीं, बल्कि लाखों साल पुराना वैज्ञानिक इतिहास है.

 यूनेस्को को भेजा जा चुका है संरक्षित जोन बनाने का प्रस्ताव

नर्मदा घाटी का यह पूरा क्षेत्र जीवाश्मों की दृष्टि से बेहद समृद्ध रहा है. इससे पहले साल 2010 में भी इसी इलाके से डायनासोर के अवशेष मिल चुके हैं. वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं ने मांग की है कि इस बेशकीमती धरोहर को 'संरक्षित क्षेत्र' घोषित किया जाए. इस संबंध में आईआईटी गांधीनगर में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक के बाद, पिछले साल इस क्षेत्र को संरक्षित जोन बनाने का प्रस्ताव यूनेस्को को भी भेजा जा चुका है.

वैज्ञानिकों का मानना है कि यदि इस क्षेत्र में और गहनता से वैज्ञानिक तरीके से खुदाई और शोध किया जाए, तो पृथ्वी के कई अनछुए रहस्य और प्राचीन इतिहास की परतें खुलकर सामने आ सकती हैं.

ये भी पढ़ें: MLA Viral Video: विधायक कमलेश्वर डोडियार ने मंच पर आवेश में आकर पूछा- 'इस्तीफा दे दूं ?' पब्लिक ने कहा- 'दे दो'