'महिला उत्थान की बात ढोंग, बीजेपी मुंह की खाएगी', जीतू पटवारी ने खोल दिया मोर्चा, मीनाक्षी नटराजन की जीत का 5 लाख परसेंट दावा

रवीशपाल सिंह

• 01:01 PM • 09 Jun 2026

मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल चरम पर पहुंच गई है. बीजेपी के तीसरे उम्मीदवार उतारने के बाद अब कांग्रेस अपने कुनबे को बचाने में जुट गई है. सूत्रों के मुताबिक, विधायकों को विशेष विमान से शिफ्ट करने की तैयारी है.

जीतू पटवारी
जीतू पटवारी
Google CTA

मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे भोपाल से लेकर दिल्ली तक का सियासी पारा चढ़ता जा रहा है. चुनाव में किसी भी तरह की सेंधमारी, टूट-फूट और संभावित क्रॉस वोटिंग के खतरे को भांपते हुए मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है. अपनी इकलौती सीट को सुरक्षित रखने के लिए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने अपने विधायकों की मजबूत घेराबंदी शुरू कर दी है. अंदरूनी सूत्रों से मिल रही खबरों के मुताबिक, कांग्रेस अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए आज ही एक विशेष विमान (स्पेशल चार्टर्ड प्लेन) के जरिए कांग्रेस शासित राज्य कर्नाटक भेज सकती है.

Read more!

विधायकों की शिफ्टिंग पर क्या बोले जीतू पटवारी?

जब इस पूरे घटनाक्रम और विधायकों को रिसॉर्ट भेजने (Resort Politics) के कयासों को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी से सवाल किया गया, तो उन्होंने सीधे तौर पर कोई भी टिप्पणी करने से साफ इनकार कर दिया. हालांकि, उन्होंने इतना जरूर कहा, "हमें जो सही लगेगा, हम वो कदम उठाएंगे."

भले ही पटवारी ने विधायकों की शिफ्टिंग पर सस्पेंस बनाए रखा, लेकिन उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार पर तीखे सियासी तीर चलाए. पटवारी ने बीजेपी को आड़े हाथों लेते हुए उसे 'महिला विरोधी' करार दिया. उन्होंने सवाल उठाया कि बीजेपी एक तरफ तो महिला उत्थान और महिला सशक्तिकरण की बड़ी-बड़ी बातें करती है, लेकिन दूसरी तरफ जब कांग्रेस ने एक महिला (मीनाक्षी नटराजन) को उम्मीदवार बनाया, तो उनके सामने अपना प्रत्याशी खड़ा कर दिया.

फिर विधायकों को खरीदने के पैसे कहां से आए?

जीतू पटवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि एक तरफ तो देश के मुखिया मोदी जी कहते हैं कि देश में आर्थिक या अन्य संकट है, लेकिन दूसरी तरफ इनकी पार्टी के पास विपक्षी विधायकों को खरीदने के लिए करोड़ों रुपये आ जाते हैं. यह पैसा कहां से आ रहा है?

बीजेपी के तीसरे उम्मीदवार के दांव को खारिज करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने पूरी मजबूती से दावा किया कि कांग्रेस का पूरा कुनबा पूरी तरह एकजुट है और उसमें कोई दरार नहीं है. उन्होंने आत्मविश्वास से भरे लहजे में कहा, "शत प्रतिशत नहीं, बल्कि पांच लाख प्रतिशत हमारी उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन ही यह चुनाव जीतेंगी और इस बार बीजेपी को मुंह की खानी पड़ेगी."

अब देखना दिलचस्प होगा कि 18 जून को होने वाली वोटिंग से पहले मध्य प्रदेश की राजनीति ऊंट किस करवट बैठता है और कांग्रेस की यह 'बाड़ेबंदी' कितनी कारगर साबित होती है.

ये भी पढ़ें: Bareilly: कुंवारा बताकर शादीशुदा सिपाही ने बनाया संबंध, सच बर्दास्त नहीं कर पाई महिला सिपाही, उठाया ये खतरनाक कदम