MP Road Accident: ग्वालियर में काल बनी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, मंदिर से लौट रहे एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं

ग्वालियर के थाटीपुर में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ऑटो को टक्कर मार दी, जिसमें मंदिर से लौट रहे एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, आरोपी ड्राइवर नशे में था और पुलिस से बचने के चक्कर में उसने इस भीषण हादसे को अंजाम दिया.

ग्वालियर में एक्सीडेंट
ग्वालियर में एक्सीडेंट

हेमंत शर्मा

follow google news

मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक भीषण सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया. शहर के थाटीपुर थाना इलाके के परशुराम चौराहे पर शुक्रवार तड़के एक बेलगाम स्कॉर्पियो ने ऑटो रिक्शा को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उसके परखच्चे उड़ गए. इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं.

Read more!

जन्मदिन का जश्न और माता के दर्शन

हादसे का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि जिस परिवार के साथ यह वज्रपात हुआ, वे अपने बेटे का जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे. परिजनों ने बताया कि घर पर बच्चे का जन्मदिन मनाया गया था, जिसके बाद पूरा परिवार खुशियां मनाते हुए शीतला माता मंदिर के दर्शन करने गया था. दर्शन कर लौटते समय सुबह करीब 3:00 बजे यह भयानक हादसा हो गया. किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि जन्मदिन की यह रात उनके जीवन की आखिरी रात साबित होगी.

नशे में धुत ड्राइवर और पुलिस से भागने की कोशिश

शुरुआती जांच और पुलिस के बयानों के अनुसार, स्कॉर्पियो का ड्राइवर नशे में धुत था. उसने इस हादसे से पहले बस स्टैंड के पास एक ई-रिक्शा को भी टक्कर मारी थी. पुलिस की एफआरवी (FRV) गाड़ी उसका पीछा कर रही थी, लेकिन पकड़े जाने के डर से ड्राइवर ने गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी. भागने की इसी कोशिश में उसने परशुराम चौराहे पर ऑटो को सामने से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो सड़क किनारे लगे नीम के पेड़ से जा टकराया और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

5 की मौत, 4 घायल: अस्पताल में मची चीख-पुकार

हादसे में ऑटो में सवार कुल 9 लोगों में से 5 की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हैं. घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां 4 लोगों का इलाज चल रहा है. इनमें से एक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है. पुलिस ने आरोपी स्कॉर्पियो ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है.

इलाके में शोक की लहर

एक ही झटके में पूरा परिवार उजड़ जाने से पूरे ग्वालियर इलाके में शोक की लहर है. अस्पताल के बाहर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज करने की तैयारी में है.

ये भी पढ़ें: MP में महंगी हुई बिजली... 1 अप्रैल से से लागू होंगे नए रेट, समझें जेब पर कैसे और कितना पड़ेगा असर

    follow google news