श्योपुर: स्कूल में हेडमास्टर को चप्पलों से पीटा, जानें आखिर किस बात पर भड़का रसोइया नसीर बानो और उसके पति का गुस्सा?

खेमराज दुबे

• 07:19 PM • 12 Sep 2026

MP News: मध्य प्रदेश के श्योपुर में स्कूल परिसर बना जंग का मैदान! महिला रसोइया और उसके पति ने हेडमास्टर को चप्पलों से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा. खाने की खराबी और पढ़ाने में बाधा डालने का विरोध करने पर हुआ यह विवाद. पुलिस ने एफआईआर दर्ज की. देखिए पूरी रिपोर्ट.

 हेडमास्टर को चप्पलों से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा.
हेडमास्टर को चप्पलों से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा.
Google CTA

MP Sheopur Headmaster News: मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले से शिक्षा के मंदिर को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. शहर के एक एकीकृत शासकीय माध्यमिक स्कूल परिसर में महिला रसोइया और उसके पति ने ऑन-ड्यूटी हेडमास्टर पर चप्पलों से हमला कर दिया और उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा. इस घटना के दौरान स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बच्चों व शिक्षकों में हड़कंप फैल गया.

Read more!

जानें क्यों भड़का विवाद?

पूरी घटना श्योपुर के एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय की है. हेडमास्टर कमलजीत सिंह सिसोदिया सुबह स्कूल में पुताई का काम करवा रहे थे. इसी दौरान उन्होंने रसोइया नसीर बानो से कहा कि बच्चों को उसके हाथ का बना खाना पसंद नहीं आता है और विभाग में भी इसकी शिकायत हुई है. इसके अलावा, रसोइया बिना वजह कक्षा में आकर वीडियो बनाती थी और काम में बाधा डालती थी. इतना सुनते ही रसोइया नसीर बानो और उसका पति इस्माइल आगबबूला हो गए.

चप्पलों से पीटा, कॉलर पकड़कर जमीन पर पटकने की कोशिश

दंपति ने गाली-गलौज करते हुए पुताई का काम रुकवा दिया और हेडमास्टर सिसोदिया को जकड़ कर चप्पलों से मारना शुरू कर दिया. आरोपियों ने उन्हें कॉलर पकड़कर जमीन पर पटकने की भी कोशिश की. चीख-पुकार सुनकर स्कूल स्टाफ की अन्य महिला शिक्षिकाओं ने बीच-बचाव कर किसी तरह हेडमास्टर की जान बचाई. इस हमले में हेडमास्टर की पीठ में गंभीर चोटें आई हैं. घटना से दुखी होकर स्कूल के बच्चे भी रोष में आ गए और हेडमास्टर के साथ थाने पहुंचे.

यह भी पढ़ें: MP: 65 साल के किसान की पीठ पर सवार हुए पटवारी! वीडियो वायरल हुआ तो पता चली जूतों वाली कहानी, SDM ने दिए जांच के आदेश

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

स्कूल की शिक्षिका मीनू चौधरी ने बताया कि रसोइया नसीर बानो पहले से ही शिक्षकों को परेशान करती थी और अधिकारियों से कई बार जनसुनवाई में शिकायत की जा चुकी थी. उधर, कोतवाली टीआई सत्यम गुर्जर के मुताबिक, हेडमास्टर की लिखित शिकायत पर आरोपी रसोइया नसीर बानो और उसके पति इस्माइल के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और मारपीट की धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

यह भी पढ़ें: टॉयलेट में बैठकर पढ़ रहे 22 बच्चे, जर्जर स्कूल भवन ने बढ़ाई मुश्किलें; MP के धार का VIDEO वायरल