Mp Nilesh Namdeo Sidhi Patwari Viral Video: मध्य प्रदेश के सीधी जिले से प्रशासनिक व्यवस्था को कटघरे में खड़ा करने वाली एक बेहद शर्मनाक तस्वीर सामने आई है. विंध्य क्षेत्र में हुई भारी बारिश से किसानों की फसलों को पहुंचे नुकसान का आकलन करने पहुंचे हल्का पटवारी नीलेश नामदेव ने संवेदनहीनता की सारी हदें पार कर दीं. पटवारी साहब ने अपने नए चमचमाते जूतों को पानी और कीचड़ में गंदा होने से बचाने के लिए एक 65 वर्षीय बुजुर्ग किसान की पीठ को ही अपनी सवारी बना लिया.
ADVERTISEMENT
फसल नुकसान का जायजा लेने पहुंचे थे पटवारी
पूरा मामला सीधी जिले की माटा ग्राम पंचायत का है. लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा था, जिसके बाद जिला प्रशासन ने राजस्व अधिकारियों को गांवों में जाकर सर्वे करने के निर्देश दिए थे. इसी ड्यूटी के तहत माटा ग्राम पंचायत के हल्का पटवारी नीलेश नामदेव गांव पहुंचे थे. लेकिन पीड़ित किसानों का दर्द बांटने और राहत पहुंचाने की जगह पटवारी साहब को अपने महंगे जूतों की ज्यादा चिंता सताने लगी.
45 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
सामने आए महज 45 सेकंड के वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि रास्ते में पड़े नाले को पार करने के लिए पटवारी साहब खुद पानी में उतरने के बजाय ललवा केवट नाम के 65 वर्षीय बुजुर्ग की पीठ पर सवार हो गए. बुजुर्ग उन्हें अपनी पीठ पर लादकर नाला पार कराता दिखा. वहां मौजूद किसी ग्रामीण ने इस 'वीआईपी नवाबी' का वीडियो अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो देखने के बाद लोगों में भारी आक्रोश है.
एसडीएम बोलीं- जांच के बाद होगी सख्त दंडात्मक कार्रवाई
मामले का वीडियो वायरल होते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है. इस पूरे घटनाक्रम पर सीधी के गोपद बनास की एसडीएम (SDM) प्रिया पाठक ने बताया कि मामले का संज्ञान ले लिया गया है. प्रशासनिक टीम को तुरंत गांव भेजकर बुजुर्ग किसान और स्थानीय निवासियों के बयान दर्ज करा लिए गए हैं. एसडीएम ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद दोषी पटवारी के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT


