उज्जैन-इंदौर हाईवे पर बीच सड़क धूं-धूं कर जली 'मुख्यमंत्री सुगम परिवहन' की बस, यात्रियों ने भागकर बचाई जान

मध्य प्रदेश के उज्जैन से इंदौर जा रही मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की बस में टायर फटने से अचानक भीषण आग लग गई. रामवासा के पास हुए इस हादसे में यात्रियों ने कूदकर बचाई जान.

NewsTak
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस जलकर हुई खाक
Google CTA

उज्जैन (मध्य प्रदेश). मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है. उज्जैन से इंदौर की ओर जा रही यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बस आग के गोले में तब्दील हो गई और धूं-धूं कर जलने लगी.

Read more!

यह घटना शहर से लगभग 15 किलोमीटर दूर ग्राम रामवासा के पास की बताई जा रही है. राहत की बात यह रही कि समय रहते बस में सवार सभी यात्रियों ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.

टायर फटने से हुआ हादसा!

मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस 'मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा' की बताई जा रही है. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस का टायर अचानक फट गया था, जिसके चलते घर्षण या शॉर्ट सर्किट की वजह से वाहन में अचानक आग पकड़ ली.

हादसे की सूचना मिलने के बाद नानाखेड़ा थाना पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया. पुलिस फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है.