मध्य प्रदेश में 18 अक्टूबर को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई है. कुछ जगहों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. वहीं, प्रदेश के बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.
ADVERTISEMENT
भारत मौसम विज्ञान विभाग के भोपाल केंद्र की 17 अक्टूबर को जारी रिपोर्ट के अनुसार, राजगढ़, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, रतलाम, उज्जैन, आगर मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कहीं-कहीं बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. इन इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है.
इन जिलों में तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग ने इन्हीं जिलों में कहीं-कहीं आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है. हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है. प्रदेश के बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में राज्य के तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है.
36 डिग्री के पार पहुंचा तापमान, खंडवा सबसे गर्म
मध्य प्रदेश में दिन के समय गर्मी का असर बना हुआ है. मौसम विभाग के 17 अक्टूबर के आंकड़ों के अनुसार, खंडवा में अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बैरसिया और खरगोन में तापमान 36 डिग्री रहा. राजगढ़ में 35.5 डिग्री, रतलाम और नर्मदापुरम में 35.4 डिग्री, जबकि मनासा क्षेत्र और उज्जैन में 35 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.वहीं, अमरकंटक में अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री रहा. पचमढ़ी में 29.2 डिग्री, ग्वालियर में 30.3 डिग्री, श्योपुर में 30.4 डिग्री और मलाजखंड में 30.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.
पचमढ़ी में सबसे कम तापमान, राजगढ़ में रात भी गर्म
रात के तापमान की बात करें तो पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. कटनी के करौंदी में 17.6 डिग्री और अनूपपुर के अमरकंटक में 18.1 डिग्री तापमान रहा. छिंदवाड़ा और छतरपुर के नौगांव में न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री, जबकि दमोह में 18.6 डिग्री दर्ज किया गया. दूसरी ओर, राजगढ़ में न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री रहा. आगर में 23.3 डिग्री, नर्मदापुरम में 23 डिग्री, भोपाल के बैरसिया में 22.6 डिग्री और रतलाम में 22.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.
भोपाल में कैसा रहेगा मौसम?
भोपाल और आसपास के इलाकों में 18 अक्टूबर की सुबह तक आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहने की संभावना बताई गई है. इस दौरान हवा की औसत रफ्तार 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है.
मौसम विभाग ने किसानों को बारिश और तेज हवाओं को ध्यान में रखकर खेती के काम करने की सलाह दी है. जिन खेतों में पानी भरने की आशंका है, वहां जल निकासी की व्यवस्था रखें. बारिश और तेज हवा के दौरान सिंचाई, खाद डालने और कीटनाशक का छिड़काव करने से बचें.
"हां, नौकरी मांगने आई थी..." सीएम मोहन से मिलने गई सुमित्रा महाजन के बयान से गरमाई सियासत
ADVERTISEMENT


