MP Weather 15 June: मध्य प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है. राज्य के कई हिस्सों में जमकर बारिश हो रही है. वहीं कल की बात करें तो कल यानी 15 जून को कई जिलों में सूरज के कड़े तेवर देखने को मिलेंगे तो कहीं जमकर बारिश होगी. IMD भोपाल के पूर्वानुमान के अनुसार भोपाल, नर्मदापुरम और सागर संभागों में आने वाले 24 घंटो में जमकर बारिश हो सकती है, इतना ही नहीं कुछ इलाकों में धूलभरी आंधी ने भी दस्तक दे दी है. मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के ज्यादातक हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ने की संभावना है. भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर सहित करीब 41 जिलों में कहीं-कहीं वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.
ADVERTISEMENT
राहत की बात ये है कि आने वाले 24 घंटों के दौरान तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने वाला है, जिससे चिलचिलाती गर्मी से राहत बनी रहेगी. हालांकि, इसके बाद के तीन दिनों में धीरे-धीरे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी जा सकती है.
तेज आंधी और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार यानी 15 जून को कई जिलों में तेज रफ्तार हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है. विदिशा, रायसेन और सागर जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं. इसके अलावा भोपाल, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगौन, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सतना, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और पांढुर्णा जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका जताई गई है.
इन जिलों में किया गया है ऑरेंज अलर्ट जारी
- भोपाल
- राजगढ़
- विदिशा
- होशंगाबाद (नर्मदापुरम)
- देवास
- शाजापुर
- आगर-मालवा
- नीमच
- मंदसौर
- खंडवा
- खरगोन
- सिवनी
- बालाघाट
- छतरपुर
- शिवपुरी
जानिए किस जिले में कितना है तापमान
प्रदेश में इस समय तापमान का मिलाजुला असर देखने को मिल रहा है, जहां एक तरफ राजगढ़ सबसे गर्म रहा तो वहीं पचमढ़ी में रातें सबसे ठंडी दर्ज की गईं. अगर अधिकतम तापमान की बात करें तो राजगढ़ जिला सबसे ज्यादा तप रहा है, जहां पारा 41.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. इसके बाद खंडवा में तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस, नर्मदापुरम में 40.4 डिग्री सेल्सियस, खरगौन में 40.0 डिग्री सेल्सियस और टीकमगढ़ में 39.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है. वहीं राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.
इसके उलट प्रदेश के कुछ जिलों में अधिकतम तापमान काफी कम रहा, जिससे वहां मौसम सुहावना बना हुआ है. अनूपपुर जिले के अमरकंटक में सबसे कम 32.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा. इसके अलावा शिवपुरी में 33.0 डिग्री सेल्सियस, सिवनी में 34.2 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर में 34.6 डिग्री सेल्सियस और कटनी के करोदी में 35.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
रातों के पारे यानी न्यूनतम तापमान की बात करें, तो बड़वानी के तालुन में रातें सबसे गर्म रहीं, जहां न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके बाद सतना में 28.7 डिग्री सेल्सियस, नीमच के मरुखेड़ा में 27.7 डिग्री सेल्सियस, मंदसौर में 27.5 डिग्री सेल्सियस और गुना में 27.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा. दूसरी तरफ, नर्मदापुरम के पचमढ़ी में रातें सबसे ठंडी रहीं, जहां पारा गिरकर 18.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया. इंदौर में न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस, दमोह में 19.8 डिग्री सेल्सियस, शाजापुर के गिरवर में 20.3 डिग्री सेल्सियस और रायसेन में 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ.
मानसून को लेकर क्या है अपडेट?
दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आगामी 4 से 5 दिनों के भीतर महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं. मध्य प्रदेश में मानसून पूर्व की इन गतिविधियों के कारण फिलहाल लोगों को भीषण लू से बड़ी राहत मिली हुई है.
ये भी पढ़ें: रीवा: 2021 में ही किया था लव मैरिज, पति ने दम तोड़ा तो खबर सुनते ही उत्तराखंड में पत्नी की भी संदिग्ध मौत
ADVERTISEMENT


