MP Weather 18 May: खंडवा-शाजापुर में पारा 45 पार, भोपाल में गर्मी से हालत खराब, इन 37 जिलों में भीषण लू का अलर्ट

मौसम विभाग ने राज्य के 37 जिलों में भयंकर हीटवेव (लू) को लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है. स्थिति ये है कि राजधानी भोपाल की सड़कों पर दोपहर के वक्त डामर तक पिघलने लगा है.

MP Weather
मध्य प्रदेश में गर्मी का कहर

न्यूज तक डेस्क

follow google news

MP Weather Update 18 May: मध्य प्रदेश में गर्मी ने अपने पिछले कई रिकॉर्ड्स को तोड़ना शुरू कर दिया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार वर्तमान में राजस्थान और उत्तर प्रदेश से आ रही शुष्क और गर्म हवाओं के कारण पूरा प्रदेश भीषण लू (Heatwave) की चपेट में है. राज्य के 12 से अधिक बड़े शहरों में पारा 43 डिग्री सेल्सियस के पार जा चुका है, जबकि कुछ इलाकों में यह 45 से 46 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है. 

Read more!

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 19 मई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में इसी तरह की झुलसाने वाली गर्मी का प्रकोप बना रहेगा. फिलहाल किसी भी तरह की राहत देने वाली बारिश के आसार नजर नहीं आ रहे हैं.

भोपाल-इंदौर में डामर पिघलाने वाली गर्मी

प्रदेश में इस समय सबसे बुरा हाल निमाड़ अंचल का है. पिछले 24 घंटों के दौरान खंडवा में सबसे अधिक 45.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है. इसके अलावा शाजापुर में 44.6 डिग्री, खरगोन में 44.2 डिग्री, रतलाम और नौगांव में 44 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है, जिसने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है.

राजधानी भोपाल, इंदौर और उज्जैन जैसे बड़े शहरों में भी गर्म हवाओं के थपेड़े (लू) लोगों को बेहाल कर रहे हैं. भोपाल में दोपहर के समय सड़कें सूनी हो रही हैं और तेज धूप के कारण डाबर की सड़कें तक पिघलती हुई दिखाई दे रही हैं.

37 जिलों में हीटवेव का ऑरेंज और येलो अलर्ट 

मौसम विभाग ने 18 मई को मध्य प्रदेश के जिन 37 जिलों में लू और अत्यधिक गर्मी का अलर्ट जारी किया है, उनकी लिस्ट इस प्रकार है:

ऑरेंज अलर्ट वाले क्षेत्र (भीषण गर्मी): रतलाम, खरगोन, खंडवा, शाजापुर और इंदौर. यहां तापमान 44 से 46 डिग्री तक जा सकता है.

येलो अलर्ट वाले क्षेत्र (तीखी लू): भोपाल, ग्वालियर, शिवपुरी, मुरैना, भिंड, दतिया, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर, झाबुआ, धार, बड़वानी, अलीराजपुर, बुरहानपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सागर, दमोह और मंडला.

इन जिलों में लू नहीं

महाकौशल और विंध्य अंचल के कुछ जिलों में मौसम विभाग ने कहा है कि यहां सीधे तौर पर लू (Heatwave) के थपेड़े तो नहीं चलेंगे, लेकिन तापमान 40 से 42 डिग्री के बीच रहने और हवा में हल्की नमी होने के कारण भयंकर उमस (Excessive Heat) वाली बेचैनी रहेगी. 

ये जिले हैं: जबलपुर, सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली, कटनी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, बालाघाट, छिंदवाड़ा और बैतूल. यहां रात का तापमान भी 28 से 30 डिग्री के आसपास रहने के कारण रातें भी बेहद गर्म होने वाली हैं. 

20 तारीख से मामूली बदलाव

तपती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने एक राहत भरी खबर भी दी है. 20 मई से मध्य प्रदेश के आधे से ज्यादा हिस्सों में गर्मी के तेवरों में मामूली नरमी आ सकती है और बादलों की आवाजाही के कारण तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट आ सकती है. 

इसके साथ ही, इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून अपने तय समय से करीब 6 दिन पहले यानी 26 मई को केरल के तट पर दस्तक दे सकता है. मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री 10 से 16 जून के बीच खंडवा, खरगोन, बड़वानी और बुरहानपुर के रास्ते होने की उम्मीद जताई जा रही है. तब तक लोगों को इस झुलसाने वाली गर्मी और लू से खुद को बचाकर रखने की सलाह दी गई है.

 

ये भी पढ़ें: NEET Paper Leak मामले में सीबीआई के हत्थे चढ़ी एक और बड़ी मछली, मनीषा मंधारे 14 दिन की रिमांड पर, जानें कौन हैं ये

    follow google news